उज्जैन की विधि शर्मा एवं उत्कर्षा पाल ने अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक

उज्जैन, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन की योग अध्ययनशाला की पी.जी. डिप्लोमा की छात्रा विधि शर्मा एवं एम.ए. इन योगा की छात्रा उत्कर्षा पाल ने नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट के डबल्स मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चीन की टीम को पराजित कर स्वर्ण पदक अर्जित किया है। दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को गौरवान्वित किया।

सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की छात्रा विधि शर्मा, निवासी तराना तथा उत्कर्षा पाल, निवासी उज्जैन का चयन खेलो इंडिया के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की टीम तथा सेमीफाइनल में मलेशिया की टीम को पराजित किया। इसके बाद फाइनल मुकाबले में चीन की टीम को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

25 देशों की टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा

इंडो-नेपाल इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन नेपाल में 7 से 11 अगस्त तक किया गया। प्रतियोगिता में 25 देशों की टीमों ने सहभागिता की। विधि शर्मा एवं उत्कर्षा पाल ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतर तालमेल, खेल कौशल एवं आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए डबल्स स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विधि शर्मा एवं उत्कर्षा पाल की बैडमिंटन खेल में प्रारंभ से ही रुचि रही है। दोनों खिलाड़ी इससे पूर्व भी विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं। खेलो इंडिया के अंतर्गत दिल्ली में हुए चयन के पश्चात दोनों खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उज्जैन का गौरव बढ़ाया

दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन सहित जिले का गौरव बढ़ा है। अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चीन की टीम को पराजित कर स्वर्ण पदक अर्जित करना उज्जैन के युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा एवं क्षमता का परिचायक है।

15 अगस्त को उज्जैन पहुंचेंगी खिलाड़ी

विधि शर्मा के पिता श्री मुकेश शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के साथ-साथ उज्जैन एवं मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और उज्जैन का नाम गौरवान्वित किया है। दोनों खिलाड़ी 15 अगस्त को उज्जैन पहुंचेंगी, जहां उनके स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।