निगम द्वारा तीन बत्ती चौराहे को लेफ्ट टर्न फ्री बनाने की तैयारी

उज्जैन,शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा तीन बत्ती चौराहे के विकास एवं चौड़ीकरण की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को महापौर श्री मुकेश टटवाल द्वारा तीन बत्ती चौराहे का निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए*
*महापौर श्री टटवाल ने निर्देशित किया कि इंडियन रोड कांग्रेस (IRC) के निर्धारित नॉर्म्स के अनुरूप चौराहे की चारों दिशाओं में आवश्यक चौड़ीकरण करते हुए इसे लेफ्ट टर्न फ्री चौराहे के रूप में विकसित किया जाए। इससे चौराहे पर वाहनों की आवाजाही सुगम होगी तथा अनावश्यक रुकावट एवं यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलेगी*
*निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्य की ड्राइंग एवं डिजाइन शीघ्र तैयार कराई जाए, ड्राइंग-डिजाइन को अंतिम रूप दिए जाने के बाद कार्य को प्राथमिकता के साथ प्रारंभ करते हुए अधिकतम तीन माह में पूर्ण किया जाए*
*महापौर ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात को देखते हुए प्रमुख चौराहों का सुव्यवस्थित विकास आवश्यक है। तीन बत्ती चौराहे को लेफ्ट टर्न फ्री किए जाने से वाहन चालकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और यातायात का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा। चौराहे के चारों ओर आवश्यक चौड़ीकरण एवं सुधार कार्य इस प्रकार किए जाएंगे कि नागरिकों को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की योजना तैयार करते समय यातायात के वर्तमान दबाव के साथ भविष्य में बढ़ने वाले यातायात को भी ध्यान में रखा जाए, ताकि चौराहे का विकास दीर्घकालिक यातायात व्यवस्था के अनुरूप हो*
*निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य श्री कैलाश प्रजापत, जोन अध्यक्ष श्री सुरेंद्र मेहर एवं कार्यपालन यंत्री श्री हिमांशु तिवारी एवं कंसलटेंट उपस्थित रहें!