उज्जैन, उज्जैन जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ शनिवार को मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने ध्वजारोहण कर सलामी ली। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। मुख्य अतिथि श्री टेटवाल ने सुसज्जित सफेद जिप्सी पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। जिप्सी में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा उपस्थित रहे।
परेड निरीक्षण उपरांत शस्त्र बलों द्वारा तीन बार हर्ष फायर किए गए। हर्ष फायर उपरांत परेड कमांडर सुश्री आरती रघुवंशी के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। परेड में 32वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष प्लाटून, जिला पुलिस बल महिला प्लाटून, जिला होमगार्ड प्लाटून, 02 एम.पी. बटालियन एन.सी.सी. भारतीय ज्ञानपीठ स्कूल, 10 एम.पी. बटालियन एन.सी.सी. दशहरा मैदान गर्ल्स स्कूल, 2 एम.पी. एन.सी.सी. बटालियन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर, 1 एम.पी. नेवल एन.सी.सी. शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर, शौर्य दल उज्जैन, एन.आर.एस. दल, 32 वाहिनी बैंड दल तथा निरीक्षण वाहन शामिल रहे। परेड उपरांत मुख्य अतिथि श्री टेटवाल ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
मार्च पास्ट के उपरांत रंग-बिरंगे गुब्बारों को खुले आसमान में छोड़ा गया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को दिए संदेश का सीधा प्रसारण देखा गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि श्री टेटवाल द्वारा बधाई संदेश का वाचन किया गया एवं उज्जैन जिले की उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इसके उपरांत मुख्य अतिथि श्री टेटवाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री टेटवाल द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
*शस्त्र सहित परेड में जिला पुलिस बल महिला उज्जैन को मिला प्रथम पुरस्कार*
शस्त्र सहित परेड में जिला पुलिस बल महिला उज्जैन को प्रथम पुरस्कार, एसएएफ 32 बटालियन उज्जैन को द्वितीय एवं होमगार्ड बल उज्जैन को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
*शस्त्र रहित परेड में 10 एम.पी. दशहरा मैदान महिला बल को मिला प्रथम पुरस्कार*
शस्त्र रहित परेड में 10 एम.पी. दशहरा मैदान महिला बल को प्रथम, 2 एम.पी. एनसीसी माधव नगर को द्वितीय, 2 एम.पी. एनसीसी भारतीय ज्ञानपीठ उज्जैन को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
*सांस्कृतिक कार्यक्रम में अशासकीय क्रिस्ट ज्योति कान्वेंट स्कूल को मिला प्रथम पुरस्कार*
सांस्कृतिक कार्यक्रम में अशासकीय क्रिस्ट ज्योति कान्वेंट स्कूल प्रथम, शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. को द्वितीय तथा अशासकीय सांई सनातन इंटरनेशनल स्कूल को तृतीय, अशासकीय सेंट थॉमस सीनियर सेकेंडरी कान्वेंट स्कूल को चतुर्थ पुरस्कार प्राप्त हुआ।
*जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारी, सामाजिक संस्थाएं हुईं सम्मानित*
मुख्य समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस पर जिले में विकासखंड, तहसील, नगर परिषद तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
*जिले की विकास पुस्तिका का हुआ वितरण*
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले की विकास पुस्तिका का उपस्थित गणमान्य अतिथियों एवं अधिकारियों को वितरण किया गया। विकास पुस्तिका में जिले में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों के संबंध में जानकारी वर्णित है।
जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में राज्यसभा सांसद श्री बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, अध्यक्ष विकास प्राधिकरण श्री रवि सोलंकी, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण श्री मुकेश यादव, श्री राजेन्द्र भारती, श्री संजय अग्रवाल, संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, अपर कलेक्टर एवं प्रशासक श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति श्री प्रथम कौशिक, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण, पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण, पत्रकारगणों के अलावा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री शैलेन्द्र व्यास और श्रीमती पद्मजा रघुवंशी द्वारा किया गया।
