मध्यरात्रि में खुले भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर के पट

उज्जैन, नाग पंचमी पर्व के अवसर पर वर्ष में केवल एक बार 24 घंटे के लिए खुलने वाले भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर मंदिर के पट मध्यरात्रि 12 बजे शुभ मुहूर्त में खोले गए। पट खुलने के पश्चात श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा के महंत श्री विनीतगिरी महाराज ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर का पूजन-अर्चन किया।

पूजन-अर्चन के दौरान भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर की प्राचीन प्रतिमा एवं शिवलिंग का अभिषेक कर विधिवत पूजा की गई। इस अवसर पर संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह, अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर श्री प्रथम कौशिक सहित मंदिर प्रबंध समिति के अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर के पूजन-अभिषेक के पश्चात आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। इसके साथ ही देश के विभिन्न क्षेत्रों से उज्जैन पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर के दर्शन किए।

उल्लेखनीय है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर के द्वितीय तल पर विराजित भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर के पट वर्ष में केवल एक बार नाग पंचमी के अवसर पर 24 घंटे के लिए खोले जाते हैं। भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर की अद्भुत प्रतिमा नागों की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा का विशेष प्रतीक मानी जाती है।

नाग पंचमी पर्व को देखते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति एवं जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन एवं सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। भगवान श्री नागचन्द्रेश्वर के दर्शन 17 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे, जिसके पश्चात मंदिर के पट बंद किए जाएंगे।