नाग पंचमी पर्व पर नगर निगम अलर्ट मोड पर, 03 शिफ्ट में 350 से अधिक सफाई मित्र संभालेंगे स्वच्छता व्यवस्था, 8 स्थानों पर बनाए गए सहायक नियंत्रण कक्ष

उज्जैन, सोमवार को नाग पंचमी पर्व पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम का संपूर्ण अमला अलर्ट मोड पर रहेगा। निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर निगम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी तथा दर्शन व्यवस्था प्रारंभ होने से लेकर समापन तक अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं को संभालेंगे*
*नाग पंचमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम द्वारा स्वच्छता, अतिक्रमण, आवारा मवेशियों की रोकथाम, श्रद्धालुओं की सहायता एवं जनजागरूकता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। निगम से संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं!

*03 शिफ्ट में 350 से अधिक सफाई मित्र संभालेंगे मोर्चा*

*पर्व के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा तीन शिफ्ट में 350 से अधिक सफाई मित्रों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके कार्यों की निगरानी के लिए 35 से अधिक दरोगा तैनात रहेंगे, जबकि तीन स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा संपूर्ण स्वच्छता व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जाएगी।श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नियमित सफाई के साथ कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि पर्व के दौरान शहर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बना रहे!

*स्वच्छता के साथ जन जागरूकता पर भी रहेगा जोर*

*नगर निगम की आईईसी एजेंसी के सदस्य भी विभिन्न स्थानों पर सक्रिय रहेंगे। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं एवं आमजन को कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने, स्वच्छता बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए निरंतर जन जागरूक किया जाएगा*

*अतिक्रमण एवं आवारा मवेशियों पर रहेगी नजर*

*पर्व के दौरान यातायात एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए नगर निगम की अतिक्रमण गैंग द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। वहीं पशु गैंग के कर्मचारी भी फील्ड में तैनात रहकर मार्गों एवं प्रमुख क्षेत्रों में आवारा मवेशियों को हटाने की कार्यवाही करेंगे*

*8 स्थानों पर बनाए गए सहायक नियंत्रण कक्ष*

*श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा तथा त्वरित सहायता के लिए नगर निगम द्वारा 8 विभिन्न स्थानों पर सहायक नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। इन नियंत्रण कक्षों पर शिफ्ट अनुसार निगम के कर्मचारी उपस्थित रहेंगे और श्रद्धालुओं की आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन करेंगे*
*सहायक नियंत्रण कक्ष निम्न स्थानों पर बनाए गए हैं*

– त्रिवेणी संग्रहालय के सामने पार्किंग
– भील समाज धर्मशाला
– कर्कराज पार्किंग
– हरिफाटक ब्रिज के नीचे/ब्रिज के समीप
– मेघदूत पार्किंग
– नानाखेड़ा बस स्टैंड
– देवास गेट
– रेलवे स्टेशन
*नगर निगम द्वारा नाग पंचमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता एवं समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही सोमवार को नाग पंचमी के साथ-साथ बाबा महाकाल की सवारी भी निकलेगी इसलिए सभी को अलर्ट मोड पर रहने के लिए निर्देशित किया गया है ताकि सफलतापूर्वक सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण किया जा सके!