गृहभेदन एवं चोरी की 15 से अधिक वारदातों को अंजाम देने वाले मुरैना निवासी 05 शातिर बदमाश पुलिस की गिरफ्त में

उज्जैन,जिला उज्जैन पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा चोरी एवं गृहभेदन की वारदातों में संलिप्त आरोपियों की पतारसी हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री करणदीप सिंह के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस खाचरौद श्रीमती आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भाटपचलाना निरीक्षक सतेंद्र सिंह चौधरी एवं उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार गश्त, निगरानी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की पतारसी की जा रही थी।

हाल ही में ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही गृहभेदन एवं चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए थाना भाटपचलाना पर धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा विभिन्न स्थानों एवं मार्गों के 400 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। साथ ही तकनीकी जानकारी एवं प्राप्त इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।

इसी दौरान ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों/निवासियों द्वारा पुलिस को उपलब्ध कराई गई महत्वपूर्ण सूचनाओं एवं सहयोग से संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए। स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी को तकनीकी साक्ष्यों एवं पुलिस की लगातार निगरानी से जोड़कर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।

पुलिस टीम को प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों एवं ग्राम रक्षा समिति तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग के आधार पर मुरैना जिले के 05 शातिर बदमाशों को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा उज्जैन जिले के उन्हेल, नागदा, इंगोरिया एवं भाटपचलाना सहित मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में गृहभेदन एवं चोरी की अनेक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया गया। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर उनके विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी एवं संपत्ति संबंधी अपराध पंजीबद्ध होना पाया गया।

*🔹चोरी की वारदातों का खुलासा-*

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने *थाना उन्हेल क्षेत्र* के ग्राम बरखेड़ा नजदीक एक मकान से चांदी के आभूषण चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ चांदी की कड़ी एवं एक चांदी का आकड़िया, जिसका वजन लगभग 600 ग्राम है, बरामद किया गया।

इसी प्रकार *नागदा शहर क्षेत्र* में एक मकान से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, जिनमें एक जोड़ चांदी की पायल, चांदी की बिछिया, राधा-कृष्ण की चांदी जड़ित तस्वीर, चांदी का नारियल, चांदी के सिक्के एवं चांदी की अंगूठियां शामिल हैं, बरामद किए गए। उक्त आभूषणों का वजन लगभग 200 ग्राम पाया गया।

इसके अतिरिक्त आरोपियों द्वारा *ग्राम मकड़ावन, थाना इंगोरिया* क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल को भी बरामद किया गया। आरोपियों से पूछताछ में अन्य स्थानों पर की गई चोरी की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर अग्रिम विवेचना एवं अन्य मामलों में बरामदगी की कार्रवाई जारी है।

*🔹वारदात करने का तरीका-*

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शातिर एवं संगठित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी दिन के समय घरों में सामान बेचने अथवा अन्य बहाने से घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय अपने साथियों के साथ वापस पहुंचकर बोल्ट कटर, टामी, पेचकस एवं सब्बल जैसे औजारों की मदद से मकानों के ताले काटकर अथवा तोड़कर अंदर प्रवेश करते थे।

घर में प्रवेश करने के बाद आरोपी अलमारियों एवं लॉकरों को तोड़कर उसमें रखे जेवरात, नगदी एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। पुलिस से बचने एवं अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपी मुख्य मार्गों का उपयोग न करते हुए आउटर क्षेत्र की गलियों एवं वैकल्पिक रास्तों से आवागमन करते थे। पकड़े जाने अथवा पहचान उजागर होने की स्थिति में आरोपी अपना कार्यक्षेत्र बदलकर दूसरे जिले में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों द्वारा उन्हेल क्षेत्र में किराए से एक कमरा लेकर आसपास के क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना भी सामने आया है।

*🔹गिरफ्तार आरोपी-*

01. राहुल उर्फ बल्ली पिता सुरतराम कुशवाह, उम्र 32 वर्ष, निवासी नाका, थाना माता बसैया, जिला मुरैना।
02. अंकित पिता जीवाराम, उम्र 26 वर्ष, निवासी डुंगरपुर नरायदापुरा, थाना माता बसैया, जिला मुरैना।
03. विजय पिता भगवान सिंह कुशवाह, उम्र 30 वर्ष, निवासी तिवारीकापुरा, थाना माता बसैया, जिला मुरैना।
04. पन्नालाल पिता रामदास जाटव, उम्र 36 वर्ष, निवासी नरयायिका पुरा, थाना माता बसैया, जिला मुरैना।
05. एंदलसिंह पिता मुंशीसिंह गुर्जर, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम नाका, थाना माता बसैया, जिला मुरैना।

*🔹आरोपियों से बरामद मशरूका-*

*▪️चांदी के आभूषण —* चांदी की कड़ी, चांदी की पायल, चांदी का नारियल, चांदी के कड़े, चांदी का कंदोरा, चांदी की बिछिया, चांदी का आकड़िया, चांदी की अंगूठियां, चांदी के सिक्के एवं चांदी की मूर्ति आदि। वजन: करीब 3.5 किलोग्राम, अनुमानित कीमत ₹8,75,000/-।
*▪️नगदी रकम —* ₹1,52,000/-
▪️होंडा कंपनी की बिना नंबर की मोटरसाइकिल — अनुमानित कीमत ₹50,000/-
▪️बजाज डिस्कवर बिना नंबर की मोटरसाइकिल — अनुमानित कीमत ₹50,000/-
▪️लोहे का ताला काटने वाला ▪️बोल्ट कटर — 01 नग।
▪️लोहे की टामी — 01 नग।
▪️लोहे का सब्बल एवं पेचकस — 01-01 नग।
*कुल जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत — ₹11,27,000/- (ग्यारह लाख सत्ताईस हजार रुपये)।*

*🔹आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड-*

गिरफ्तार आरोपी राहुल उर्फ बल्ली के विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों सहित कुल 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। आरोपी अंकित के विरुद्ध 07, विजय के विरुद्ध 08 तथा पन्नालाल के विरुद्ध 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों एवं थानों में पूर्व से आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड एवं पूर्व में की गई वारदातों के संबंध में विस्तृत जानकारी एकत्रित की जा रही है।

*🔹सराहनीय भूमिका-*

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी भाटपचलाना निरीक्षक सतेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में उप निरीक्षक जयप्रकाश यादव, उप निरीक्षक जयसिंह मिंढे, सहायक उप निरीक्षक जगतसिंह चौहान, प्रधान आरक्षक जितेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश पुष्पराजसिंह, आरक्षक कौशलसिंह, मुकेश जायसवाल, शैलेन्द्रसिंह सिसोदिया, राकेश मालवीय, परमिंदर यादव, हरगोविंदसिंह, राहुल अटोलिया, आरक्षक विजय जाट, सुनील चौधरी, जीवन जाट, मंगलराम, शुभम पाटीदार, दीपक मालवीय, हितेश निम्बोला, उदय यादव, अशोक चौहान, मुकेश जाट एवं सैनिक कृष्ण धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपियों की पतारसी एवं गिरफ्तारी में ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों/निवासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

*🔹उज्जैन पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, शातिर अपराधियों की धरपकड़ तथा चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में ग्राम रक्षा समिति एवं स्थानीय नागरिकों की सतर्कता एवं सहयोग पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों एवं संभावित साथियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।