उज्जैन, बाबा महाकाल की राजसी सवारी मार्ग पर नगर निगम द्वारा प्राथमिकता के साथ निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों को गति दी जा रही है। कंठाल चौराहे पर लगभग 500 वर्गमीटर क्षेत्र में पेवर ब्लॉक से भव्य चौराहा विकसित किया जा रहा है। वहीं कंठाल से सतीगेट तक नाली निर्माण, पेयजल लाइन शिफ्टिंग, विद्युत पोल शिफ्टिंग,तथा चौड़ीकरण में बाधक भवनों को हटाने का कार्य प्रचलित है। 410 मीटर मार्ग में 310 मीटर पी क्यू सी सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया है।
इसी क्रम में निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने कंठाल चौराहा से छत्री चौक तक मार्ग का निरीक्षण करते हुए सतीगेट एवं गोपाल मंदिर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
*सतीगेट को मिलेगा मूल स्वरूप*
कंठाल से छत्री चौक के मध्य स्थित ऐतिहासिक सतीगेट के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए इसे मूल स्वरूप प्रदान किया जाएगा। चौड़ीकरण कार्य के दौरान सतीगेट से कंठाल एवं सराफा मार्ग पर प्रत्येक 25-25 मीटर के अंतराल पर कोबल स्टोन से सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
सतीगेट के एक ओर 8 फीट तथा दूसरी ओर 15 फीट क्षेत्र में पेवर ब्लॉक से निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सतीगेट की दीवारों की रिपेयरिंग, केमिकल कोटिंग धुलाई एवं आकर्षक पेंटिंग के माध्यम से इसके ऐतिहासिक स्वरूप को निखारते हुए भव्य रूप प्रदान किया जाएगा।
इस संबंध में निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने INTACH (इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज) के संयोजक एवं सेवानिवृत्त आईएएस श्री एम.एम. उपाध्याय से भी चर्चा कर सतीगेट के संरक्षण एवं मूल स्वरूप को बनाए रखने के संबंध में आवश्यक सुझाव लिए।
*निर्माणाधीन गोपाल मंदिर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण*
निगम आयुक्त श्री मिश्रा ने निर्माणाधीन गोपाल मंदिर रीगल टॉकीज शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बेसमेंट स्लैब का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए।
साथ ही छत्री चौक स्थित धर्मस्थल के नीचे संचालित दुकानों को खाली करवाने के निर्देश दिए गए। निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दुकानदारों को सूचना देने के साथ मुनादी करवाने के निर्देश भी दिए, ताकि आगामी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री श्री प्रमोद मालवीय, श्री आर.के. जैन, कार्यपालन यंत्री श्री हिमांशु तिवारी,शश्री साहिल मैदावाला, सहायक आयुक्त श्री घनश्याम मचार,सहायक यंत्री श्री डी.एस. परिहार भवन अधिकारी श्री राजकुमार राठौर सहित संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
