शादी का झांसा देकर करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपये की ठगी के आरोपी को थाना माधवनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार

उज्जैन, जिला उज्जैन पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों एवं धोखाधड़ी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा अपराधों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पश्चिम श्री गुरुप्रसाद पाराशर एवं नगर पुलिस अधीक्षक अनुभाग माधवनगर श्रीमती दीपिका शिंदे के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना माधवनगर पुलिस द्वारा शादी का झांसा देकर फरियादिया से लाखों रुपये प्राप्त करने एवं बाद में शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।

*🔹घटना का विवरण*-

दिनांक 13.05.2026 को फरियादिया निवासी उज्जैन द्वारा थाना माधवनगर पर आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि आरोपी मनीष पिता तीरथदास, उम्र 36 वर्ष, निवासी मानसरोवर, जयपुर, राजस्थान द्वारा मार्च 2025 से फरियादिया को शादी का झांसा देकर उसके साथ अनैतिक कृत्य किया गया। आरोपी द्वारा फरियादिया को लगातार शादी करने का विश्वास दिलाया गया तथा इसी विश्वास के आधार पर फरियादिया से अलग-अलग समय में करीब एक करोड़ 27 लाख रुपये प्राप्त किए गए। इसके पश्चात मार्च 2026 में आरोपी द्वारा फरियादिया से शादी करने से मना कर दिया गया।

फरियादिया द्वारा जब आरोपी से शादी करने के संबंध में बात की गई तो आरोपी द्वारा उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना माधवनगर पुलिस द्वारा आरोपी मनीष के विरुद्ध अपराध क्रमांक 207/2026, धारा 351(3), 69 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

*🔹पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई*-

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना माधवनगर पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश हेतु लगातार प्रयास किए गए। विवेचना के दौरान आरोपी के संबंध में प्राप्त जानकारी एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की गई।

लगातार किए गए पुलिस प्रयासों के बाद दिनांक 13.08.2026 को आरोपी मनीष पिता तीरथदास, उम्र 36 वर्ष, निवासी मानसरोवर, जयपुर, राजस्थान को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी से प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं आवश्यक बरामदगी हेतु पुलिस अभिरक्षा प्राप्त की गई।

पुलिस अभिरक्षा के दौरान आरोपी से पूछताछ कर उसकी निशानदेही पर कुछ नगद राशि, दो महंगे मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन शॉपिंग के माध्यम से खरीदा गया महंगा सामान बरामद कर विधिवत जप्त किया गया है।

*🔹आरोपी का वारदात करने का तरीका*-

प्रारंभिक पूछताछ एवं विवेचना में आरोपी द्वारा बताया गया कि वह अपना स्थान बदल-बदलकर अलग-अलग किराये के कमरों में निवास करता था तथा महंगे शौक रखता था। आरोपी द्वारा अलग-अलग महिलाओं से बातचीत कर उनके साथ संबंध स्थापित किए जाते थे तथा शादी करने की बात कहकर विश्वास में लिया जाता था। इसके बाद शादी के लिए तैयार महिलाओं से आरोपी द्वारा रुपये प्राप्त किए जाते थे।

प्रकरण में सामने आए तथ्यों के अनुसार आरोपी द्वारा फरियादिया को भी लंबे समय तक शादी का विश्वास दिलाया गया और इसी विश्वास के आधार पर उससे करीब ₹35 लाख रुपये प्राप्त किए गए। बाद में आरोपी द्वारा शादी करने से इनकार कर दिया गया तथा फरियादिया को धमकी दी गई। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा इस प्रकार अन्य किसी महिला के साथ भी इसी तरह की वारदात किए जाने के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

*🔹बरामद सामग्री*-

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस द्वारा-

01. नगद राशि।

02. दो महंगे मोबाइल फोन।

03. ऑनलाइन शॉपिंग के माध्यम से खरीदा गया महंगा सामान।

*🔹पुलिस की सराहनीय भूमिका*-

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक गजेन्द्र पचौरिया, उनि. अंजली राजपूत, उनि. प्रतीक यादव (सायबर सेल), प्रआर प्रेम सबरवाल (सायबर सेल), प्रआर अविनाश, प्रआर समर्थ, प्रआर रवि शर्मा, प्रआर 163 नरेन्द्र जाबरिया, आर. श्यामबरण एवं म.आर. आशा बर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।