संतों के आशीर्वाद से सद्कार्य की प्रेरणा मिलती है- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

उज्जैन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर खाचरौद के ग्राम चिरोला फंटा में स्थित संत श्री निजानंद धाम आश्रम पहुंचे। आश्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूजन अर्चन कर श्री श्री 1008 सचिदानंद महाराज की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्रम पहुंचकर यहां स्थित शिव मंदिर में रुद्राभिषेक किया, इसके पश्चात षोडशोपचार पूजन किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संत श्री निजानंद जी महाराज के गादी स्थल पर पहुंचकर पूजा अर्चना कर आरती की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत श्री निजानंद आश्रम पर आकर दर्शन पूजन किया है। यह स्थान देश, प्रदेश और मालवा में सनातन संस्कृति की ऐसी विभूतियों के आलौकिक आभा से परिचित कराता है। हम सब भी ऐसे संतों के आशीर्वाद से सद्कार्य की प्रेरणा पाते हैं। श्री निजानंद जी महाराज के पश्चातवर्ती स्वामी सचिदानंद जी महाराज ने इस स्थान की चेतना देते हुए पूरे क्षेत्र को चैतन्य किया है। आश्रम में सचिदानंद जी महाराज जी के शिष्य श्री विवेक महाराज जी से भी मुलाकात की । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सभी अपने कामों के साथ अपने संतों की मूल भावना सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः सभी को लेकर चलने का जो कल्याण का भाव है, ये वेद वाक्य को अमरता के साथ धारण करते हुए हम सबके कल्याण की कामना करें।

इस अवसर पर नागदा-खाचरौद क्षेत्र के विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, श्री राजेश धाकड़, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, श्री नरेश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित थे।