आधी रात को कलेक्टर श्री सिंह ने राजसी सवारी मार्ग के निर्माण कार्यों का लिया जायजा

उज्जैन, आगामी 7 सितंबर को निकलने वाली बाबा महाकालेश्वर की अंतिम व राजसी सवारी के सुगम संचालन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई है। राजसी सवारी मार्ग चौड़ी करण का कार्य दिन -रात किया जा रहा है।कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने आधी रात को नगर निगम आयुक्त एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख निर्माण स्थलों और राजसी सवारी मार्ग का औचक निरीक्षण किया।


​निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने सती गेट से कंठाल, रीगल टॉकीज शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा हैरिटेज होटल के सामने बनने वाले महाकाल मार्ग से लेकर हरसिद्धि चौराहा तक के क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 7 सितंबर को निकलने वाली बाबा महाकाल की राजसी सवारी से पूर्व मार्ग के सभी तरह के फिनिशिंग कार्य, समतलीकरण व मरम्मत हर हाल में पूरे किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
​निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, अपर कलेक्टर एवं महाकाल मंदिर प्रशासक श्री प्रथम कौशिक तथा अपर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।