उज्जैन,थाना जीवाजीगंज क्षेत्र अंतर्गत चक्रतीर्थ श्मशान घाट उज्जैन में चिता पर जल रहे मानव शव के साथ अमानवीय एवं आपत्तिजनक कृत्य कर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने के मामले में थाना जीवाजीगंज पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया है।
*🔹घटना का विवरण*-
दिनांक 30.08.2026 को फरियादी विष्णुनाथ जी महाराज गुरु बम-बम नाथ द्वारा थाना जीवाजीगंज पर रिपोर्ट की गई कि आरोपी *काली उर्फ नंदीगिरी शिवविष्णुब्रह्मा निवासी साडूमाता की बावड़ी के आगे, आउटर रिंग रोड, उज्जैन द्वारा चक्रतीर्थ श्मशान घाट, उज्जैन में चिता पर जल रहे मानव शव के साथ अमानवीय कृत्य कर उसका वीडियो बनाया गया तथा अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर वायरल किया गया।
उक्त कृत्य से मानव शव की अवहेलना होने एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की शिकायत पर थाना जीवाजीगंज पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।
*🔹 त्वरित पुलिस कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी*-
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी जीवाजीगंज निरीक्षक प्रतीक शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश हेतु तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम द्वारा प्रयास करते हुए आरोपी काली उर्फ नंदीगिरी शिवविष्णुब्रह्मा को चक्रतीर्थ उज्जैन से गिरफ्तार कर थाने लाया गया। आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री के संबंध में विस्तृत विवेचना की जा रही है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना के संबंध में अपना अपराध स्वीकार किया गया है। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना पूर्ण कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
*🔹 गिरफ्तार आरोपी*-
01. *काली उर्फ नंदीगिरी शिवविष्णुब्रह्मा हाल मुकाम – साडूमाता की बावड़ी के आगे, आउटर रिंग रोड, उज्जैन*
*🔹पुलिस की अपील*-
जिला उज्जैन पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री को स्वयं वायरल अथवा शेयर न करें। ऐसी सामग्री संज्ञान में आने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।