उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई।
पंवासा निवासी कनहैया लाल ने आवेदन दिया कि वे रेलवे विभाग में कार्यरत थे तथा सेवानिवृत्ति के पश्चात उनके सौतेले पुत्र द्वारा उनके साथ निरंतर दुर्व्यवहार कर मारपीट की गई है तथा उनकी संपत्ति के कागज और कुछ रुपए भी चोरी कर लिए गए हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
माकडौन तहसील के ग्राम धनियाखेड़ी निवासी ऋतेश गुर्जर ने आवेदन दिया कि गांव में स्थित स्कूल के आवागमन का मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है, जिस वजह से गांव के बच्चों को स्कूल जाने में बहुत परेशानी हो रही है। अत: मार्ग दुरुस्त कर पक्की सड़क बनवाई जाए। इस पर सीईओ जनपद पंचायत तराना को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उज्जैन निवासी राकेश शर्मा ने आवेदन दिया कि वे स्कूल शिक्षा विभाग में पदस्थ थे तथा पिछले साल सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्हें ग्रेज्युटी का भुगतान आज दिनांक तक नहीं किया गया है। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उन्हेल के ग्राम सर्वना निवासी मांगीलाल ने आवेदन दिया कि गांव में उनके स्वामित्व की कृषि भूमि पर कुछ लोगों के द्वारा कब्जा कर लिया गया है। इस पर एसडीएम नागदा को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
घट्टिया के ग्राम सलामता निवासी मोहन पिता नारायण ने आवेदन दिया कि वे गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास निर्माण के लिए आवेदन दिया था। परंतु आज दिनांक तक उन्हें आवास योजना का लाभ प्रदान नहीं किया गया है। इस पर जिला पंचायत सीईओ को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उज्जैन निवासी नागुलाल ने आवेदन दिया कि वे कृषि विज्ञान केंद्र में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे तथा बिना किसी ठोस कारण के उन्हें सेवानिवृत्त कर दिया गया है। इस पर कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा, एडीएम श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।