उज्जैन,भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी के दौरान बड़ी संख्या में देश-प्रदेश से श्रद्धालुओं के उज्जैन आगमन को दृष्टिगत रखते हुए जिला उज्जैन पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ भीड़ में सक्रिय जेबकतरों एवं चोरों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान महाकाल सवारी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय के अवसर पर भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन एवं मंगलसूत्र काटकर चोरी किए जाने की घटनाएं सामने आई थीं।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन में आरोपियों की पतारसी एवं चोरी गए आभूषणों की बरामदगी हेतु क्राइम ब्रांच उज्जैन एवं थाना महाकाल पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस टीम द्वारा घटना से संबंधित उपलब्ध तथ्यों का बारीकी से विश्लेषण करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों के संबंध में जानकारी एकत्रित की गई तथा मैदानी स्तर पर भी लगातार प्रयास किए गए।
*🔹क्राइम ब्रांच की कार्रवाई से आरोपी तक पहुंची पुलिस*-
लगातार किए जा रहे प्रयासों के दौरान क्राइम ब्रांच उज्जैन की टीम द्वारा संदेही विशाल गायकवाड की पहचान की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें महाकाल सवारी के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन एवं मंगलसूत्र काटकर चोरी करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
आरोपी की निशानदेही एवं कब्जे से पुलिस द्वारा चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं।
*🔹लाखों रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए गए पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से—*
▪️04 नग सोने की चेन
▪️02 नग सोने के मंगलसूत्र
▪️कुल 06 नग सोने के आभूषण, अनुमानित कीमत ₹7,90,000/- (सात लाख नब्बे हजार रुपये) बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में बरामद आभूषण थाना महाकाल पर महाकाल सवारी के दौरान श्रद्धालुओं के साथ घटित चोरी की घटनाओं से संबंधित पाए गए हैं। बरामद आभूषणों के संबंध में थाना महाकाल पुलिस द्वारा प्रकरणवार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य घटनाओं एवं आरोपियों के संबंध में भी पूछताछ एवं जांच जारी है।
*🔹महाकाल सवारी में अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर*-
महाकालेश्वर मंदिर की सवारी के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोरी एवं अन्य अपराध करने वाले अपराधियों के विरुद्ध उज्जैन पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सवारी के दौरान पुलिस बल की तैनाती, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा अपराध घटित होने पर त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप क्राइम ब्रांच द्वारा चोरी के मामलों में आरोपी की पहचान कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
*🔹आगे भी जारी रहेगी प्रभावी कार्रवाई*
उज्जैन पुलिस द्वारा धार्मिक आयोजनों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। महाकाल सवारी के दौरान श्रद्धालुओं के साथ चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद आभूषणों को संबंधित प्रकरणों से जोड़कर उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान एवं सुपुर्दगी की कार्रवाई भी नियमानुसार की जाएगी।
*🔹उक्त संपूर्ण कार्यवाही में उज्जैन पुलिस क्राइम टीम के प्रधान आरक्षक इंद्रविक्रम की विशेष भूमिका रही जिनकी उक्त सराहनीय कार्यवाही पर उन्हें पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा पुरस्कृत भी किया गया है!