सिंहस्थ-2028 एवं क्षेत्र के रेलवे विकास हेतु सांसद जी ने सौंपे महत्वपूर्ण प्रस्ताव

उज्जैन, सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने उज्जैन प्रवास पर आए रेलवे बोर्ड अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार जी से भेंट कर सिंहस्थ-2028 एवं संसदीय क्षेत्र उज्जैन-आलोट के व्यापक जनहित को दृष्टिगत रखते हुए रेलवे विकास से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव एवं सुझाव प्रस्तुत किए।

*नवीन ट्रेन संचालन संबंधी प्रस्ताव*-
सांसद जी ने कोटा-नागदा मेमू ट्रेन का रतलाम तक विस्तार, इंदौर-उज्जैन होकर मुंबई एवं दिल्ली हेतु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, इंदौर-उज्जैन होकर हावड़ा हेतु अमृत भारत ट्रेन, तथा उज्जैन-इंदौर व्हाया फतेहाबाद रेल सेवा के फेरे दो से बढ़ाकर चार किए जाने की मांग रखी। इसके साथ ही उज्जैन-देवास-इंदौर-फतेहाबाद-बड़नगर-रतलाम-नागदा-उज्जैन सर्कुलर ट्रेन तथा इंदौर-उज्जैन से अयोध्या धाम एवं भावनगर (पालीताना-सोनगढ़ जैन तीर्थ) हेतु नई ट्रेनें प्रारंभ करने का भी अनुरोध किया गया।
*यात्री गाड़ियों के नवीन ठहराव*-
बोरीवली, खाचरौद, बड़नगर, शैगांव एवं विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों को ठहराव प्रदान करने का सुझाव भी सांसद जी द्वारा दिया गया।
*नवीन निर्माण कार्य*-
उज्जैन-झालावाड़ नवीन रेल परियोजना की शीघ्र स्वीकृति, उज्जैन-फतेहाबाद रेल लाइन के दोहरीकरण कार्य में तेजी, सिंहस्थ 2028 के दृष्टिगत उज्जैन स्टेशन के माधवनगर लोकोशेड क्षेत्र में वाशिंग पिट एवं एनसी यार्ड में नवीन प्लेटफॉर्म व रेल लाइनों के निर्माण, तथा वातानुकूलित प्रतीक्षालय एवं बेबी फीडिंग रूम की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई।
*सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की समीक्षा*-
सांसद जी ने सिंहस्थ 2028 हेतु रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं तथा अतिरिक्त ट्रेन संचालन एवं यात्री प्रबंधन योजना का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार जी ने सांसद श्री अनिल फिरोजिया के समस्त प्रस्तावों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा जनहित में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।