सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग बालिका से दोस्ती कर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन, जिला उज्जैन पुलिस द्वारा महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस खाचरौद श्रीमती आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भाटपचलाना श्री सतेंद्र सिंह चौधरी एवं पुलिस टीम द्वारा महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

▪️ घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 01.09.2026 को थाना भाटपचलाना पर नाबालिग बालिका द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि कुछ समय पूर्व सोशल मीडिया पर उसकी एक व्यक्ति से पहचान हुई थी। उक्त व्यक्ति द्वारा फर्जी पहचान का उपयोग कर उससे संपर्क किया गया तथा बाद में अलग-अलग मोबाइल नंबरों से मैसेज कर फोटो वायरल करने की धमकी देते हुए रुपयों की मांग कर उसे ब्लैकमेल एवं प्रताड़ित किया जा रहा था।

▪️*पुलिस कार्यवाही*-
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना भाटपचलाना में आरोपी के विरुद्ध धारा 78(2) BNS, धारा 11/12 पॉक्सो एक्ट एवं धारा 67, 67(B) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य माध्यमों से आरोपी की लगातार पतारसी की गई। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी की लोकेशन दिल्ली में ट्रेस होने पर दिल्ली पहुंचकर लगातार 03 दिनों तक रैकी एवं तकनीकी निगरानी की गई। अथक प्रयासों एवं सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी अंशु पिता बबलू, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजीव नगर, रोहिणी सेक्टर, बेगमपुर, दिल्ली को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

गिरफ्तार आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अन्य आरोपी पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

▪️ *गिरफ्तार आरोपी*-
अंशु पिता बबलू थामसन, उम्र 22 वर्ष निवासी – राजीव नगर, रोहिणी सेक्टर, बेगमपुर, दिल्ली।

▪️ *सराहनीय भूमिका*-
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी खाचरौद निरीक्षक धनसिंह नलवाया, निरीक्षक प्रतीक यादव (सायबर सेल), थाना प्रभारी भाटपचलाना सतेंद्र सिंह चौधरी, प्रआर शैलेन्द्र सिंह सिसौदिया, गिरधारी कनेल, विजय जाट, हितेश निम्बोला एवं उदय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।