उज्जैन, पुलिस द्वारा गुमशुदा बच्चों की तलाश एवं उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना नागझिरी क्षेत्र स्थित निजी स्कूल में अध्ययनरत तीन नाबालिग विद्यार्थियों को पुलिस टीम ने तत्परता से तलाश कर सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
कक्षा आठवीं में अध्ययनरत लगभग 13 से 14 वर्ष आयु के तीनों विद्यार्थी, गोवा जाने की योजना बनाकर स्कूल समय के दौरान बिना किसी को बताए स्कूल से निकल गए थे। उनके स्कूल बैग विद्यालय में ही मिलने पर स्कूल प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही थाना नागझिरी पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत कराते हुए बच्चों की तलाश प्रारंभ की। पुलिस टीम द्वारा शहर के आसपास के बस स्टैंडों एवं रेलवे स्टेशनों पर बच्चों की तलाश की गई। रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि तीनों बच्चे ट्रेन में सवार होकर जा रहे हैं। इस पर पुलिस द्वारा तत्काल संबंधित ट्रेनों में तलाश कराई गई, जिसमें तीनों बच्चों के मालवा एक्सप्रेस में सवार होने की जानकारी मिली।
पुलिस द्वारा त्वरित समन्वय स्थापित कर मक्सी रेलवे स्टेशन पर RPF एवं GRP की सहायता से तीनों बच्चों को मालवा एक्सप्रेस से सकुशल उतारा गया। इसके पश्चात थाना नागझिरी पुलिस द्वारा तीनों बच्चों को सुरक्षित उज्जैन लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
उक्त संपूर्ण कार्यवाही में डीएसपी श्री कमल निगवाल, उनि राम प्रसाद वेद, सउनि द्वारका प्रसाद एवं टीम की मुख्य भूमिका रही।