थाना उन्हेल पुलिस टीम के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर हमला करने के प्रकरण में दो महिला आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन, उज्जैन पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 21.10.2026 को थाना उन्हेल के अपराध क्रमांक 367/2026, दिनांक 11.10.2026, धारा 296(बी), 351(3), 3(5) बीएनएस के प्रकरण में आरोपीगण की तलाश एवं विवेचना के संबंध में उपनिरीक्षक धारासिंह चावड़ा पुलिस बल के साथ ग्राम नागझिरी स्थित आरोपी सरदार बंजारा के घर पहुंचे।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी सरदार बंजारा को प्रकरण की विवेचना में सहयोग करने हेतु बताया गया। इसी दौरान आरोपी सरदार बंजारा एवं उसके परिजनों द्वारा एकमत होकर पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर लकड़ी एवं पत्थरों से हमला करते हुए मारपीट की गई।

उक्त घटना के संबंध में उपनिरीक्षक धारासिंह चावड़ा की रिपोर्ट पर थाना उन्हेल में अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 132, 121(1), 191(2), 191(3), 296(बी), 351(3) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण में थाना उन्हेल पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए *आरोपिया सुगनाबाई पति सरदार बंजारा एवं पूजा पति बबलू बंजारा, निवासी ग्राम नागझिरी को गिरफ्तार किया गया है।* गिरफ्तार दोनों महिला आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार तलाश की जा रही है।