शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत यशस्वी संवाद आयोजित

उज्जैन,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप संचालित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उज्जैन में यशस्वी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, कठिनाइयों का सामना करने तथा अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए अपने स्कूल एवं कॉलेज के दिनों को याद किया और एनसीसी में बिताए समय के अनुभव साझा किए। उन्होंने महाविद्यालय में एनसीसी जैसी गतिविधियों के संचालन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के माध्यम से प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए उनके द्वार तक पहुंच रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा गारंटी अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत अधिसूचित सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाता है।

कलेक्टर श्री सिंह ने छात्राओं को नियमित रूप से कॉलेज आने की सलाह देते हुए कहा कि जिन कारणों से विद्यार्थी आज कॉलेज आने से बचते हैं, वही कारण भविष्य में उनकी प्रगति में बाधा बन सकते हैं। यदि विद्यार्थी नियमित रूप से कॉलेज आने का संकल्प लें, तो यह उनकी आदत बन जाएगी और जीवन में अनुशासन के साथ आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने अपने कॉलेज जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति गंभीरता सफलता के लिए आवश्यक हैं।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि कक्षाओं में शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जाने वाले विषयों को ध्यानपूर्वक समझें, पाठ्यक्रम समय पर पूरा करें और पुराने प्रश्नपत्रों के माध्यम से नियमित अभ्यास करें। परीक्षा के वास्तविक माहौल में अभ्यास करने से परीक्षा का भय दूर होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वयं पर भरोसा करना, दृढ़ संकल्प रखना और कड़ी मेहनत करना जरूरी है।

कलेक्टर श्री सिंह ने छात्राओं से उनकी रुचियों एवं भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं, इसलिए दूसरों से तुलना करने के बजाय अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। जीवन में कठिनाइयां आना स्वाभाविक है, लेकिन दृढ़ संकल्प के साथ उनका सामना करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अपने कौशल को विकसित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना जा सकता है। इंटरनेट के माध्यम से घर बैठे भी अनेक नई चीजें सीखी जा सकती हैं। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों तथा सोशल मीडिया का सकारात्मक और उपयोगी कार्यों के लिए इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग करना और नई चीजें सीखते रहना आवश्यक है।

*छात्राओं ने अधिकारियों से किया संवाद, अपनी जिज्ञासाओं और समस्याओं को साझा किया*

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने कलेक्टर श्री सिंह एवं अन्य अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। छात्राओं ने प्रतियोगी एवं प्रशासनिक परीक्षाओं की तैयारी, सफलता के लिए आवश्यक आदतों और जीवन में आने वाली कठिनाइयों से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने अपनी समस्याएं एवं अनुभव भी साझा किए, जिन पर अधिकारियों ने मार्गदर्शन प्रदान किया।

कलेक्टर श्री सिंह ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। साथ ही उन्होंने अपने घर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर और देश को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्मार्ट सिटी सीईओ सुश्री नेहा जैन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि असफलता ही सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। कोई भी असफलता स्थायी नहीं होती। उन्होंने अपने जीवन में असफलताओं के बाद प्राप्त सफलता के अनुभव साझा करते हुए कहा कि असफलताओं से डरना नहीं चाहिए, बल्कि उनसे सीख लेकर निरंतर मेहनत करते रहना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अनुभवी लोगों से मिलने, उनके अनुभवों से ज्ञान प्राप्त करने तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।

सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कुमठ ने छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने तथा विशेष रूप से संपादकीय पृष्ठ का अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित पठन-पाठन की आदत विकसित करने से सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं की समझ, भाषा और विश्लेषण क्षमता में वृद्धि होती है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं में उपयोगी साबित होती है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ नीता तपन ने किया और आभार कॉलेज प्राचार्य प्रो. प्रशांत पौराणिक ने माना

इस दौरान बड़ी संख्या में छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।