खेत की हकाई को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद, एक व्यक्ति की मृत्यु व एक गंभीर रूप से घायल

उज्जैन, दिनांक 07.11.2026 को थाना घट्टिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम बिछड़ोद में जमीन पर हकाई करने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राम बिछड़ोद निवासी गीताबाई बंजारा एवं इंदौर निवासी गुलाब नबी उर्फ बाबू छिपा पिता मोहम्मद इब्राहिम उम्र 55 वर्ष के बीच जमीन को लेकर पूर्व से विवाद चला आ रहा था।

दिनांक शनिवार को गीताबाई अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर विवादित भूमि पर हकाई का कार्य करवा रही थी। इसी दौरान गुलाब नबी उर्फ बाबू छिपा अपने साथी मुजाहिद पिता समद अली उम्र 48 वर्ष निवासी शाजापुर के साथ खेत पर पहुंचा तथा हकाई करने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में परिवर्तित हो गई।

मारपीट की घटना में मुजाहिद एवं गुलाब नबी उर्फ बाबू छिपा को गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घट्टिया ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय उज्जैन रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों द्वारा मुजाहिद को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गुलाब नबी उर्फ बाबू छिपा का उपचार जारी है।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना घट्टिया पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गीताबाई एवं उसके साथियों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। प्रकरण में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करते हुए साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।