न्यायालयीन प्रकरणों में न्याय शुल्क की लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

उज्जैन, उज्जैन पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बड़नगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) श्री करणदीप सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बड़नगर श्रीमती रूपरेखा यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बड़नगर निरीक्षक एन.बी. परिहार एवं टीम द्वारा न्यायालयीन प्रकरणों में न्यायशुल्क की राशि के साथ धोखाधड़ी करने वाले ₹10,000/- के इनामी फरार आरोपी उज्ज्वल को जिला खरगोन से गिरफ्तार किया गया है।

माननीय न्यायालय बड़नगर के निर्देश पर प्रवर्तन लिपिक, अपर सत्र न्यायालय बड़नगर द्वारा 04 लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। शिकायतों के आधार पर न्यायालयीन प्रकरणों में फर्जी एवं कूटरचित न्यायशुल्क रसीदें प्रस्तुत कर धोखाधड़ी करने वाले *आरोपी उज्ज्वल पिता ज्ञानेश्वर, निवासी व्यास कॉलोनी, बड़नगर* के विरुद्ध थाना बड़नगर पर अपराध क्रमांक 711/2025, 758/2025, 759/2025 एवं 760/2025 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए।

विवेचना के दौरान आरोपी उज्ज्वल जोशी की तलाश उसके निवास स्थान सहित विभिन्न संभावित स्थानों पर की गई, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹10,000/- का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश करते हुए आरोपी को जिला खरगोन से अभिरक्षा में लेकर थाना बड़नगर लाया गया।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों एवं सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

🔹*सराहनीय भूमिका*-
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बड़नगर निरीक्षक एन.बी. परिहार, निरीक्षक विकाससिंह देवड़ा, निरीक्षक प्रतीक यादव (सायबर सेल), प्रधान आरक्षक राजपालसिंह चंदेल (सायबर सेल), प्रधान आरक्षक प्रेम साबरवाल (सायबर सेल), आरक्षक महेश मौर्य, आरक्षक अजय चौहान एवं आरक्षक शोभित शुक्ला की सराहनीय भूमिका रही।