उज्जैन, जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अशोक कुमार पटेल ने जानकारी दी कि पंचक्रोशी यात्रा में आने वाले पंचक्रोशी यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को दृष्टिगत कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह के निर्देशानुसार पंचक्रोशी मार्ग के अन्तर्गत आने वाले मुख्य पढ़ाव एवं उप पढ़ाव पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्थाई अस्पताल स्थापित कर स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराई जायेंगी। प्रत्येक मुख्य पढ़ाव व उप पढ़ाव पर चौबीस घंटे चिकित्सक एवं मेडिकल स्टॉफ उपलब्ध रहेंगे एवं श्रद्धालुओं के लिए आकस्मिक स्वास्थ्य व्यवस्था यहा भर्ती कर उपलब्ध कराई जायेंगी। विभाग द्वारा चिकित्सक एवं मेडिकल स्टॉफ को निरन्तर उपलब्ध रहकर यात्रियों को पंचक्रोशी यात्रा में ही सतत् स्वास्थ्य सुविधायें कराने के लिए जवाबदेही सौंपी गई है।
विभाग द्वारा पंचक्रोशी आरंभ स्थल श्री नागचन्द्रेश्वर, गुदरी चौराहा उज्जैन, पिंगलेश्वर मुख्य बढ़ाव, त्रिवेणी शनि मंदिर उप पढ़ाव, राधौ पिपल्या उप पढ़ाव, करोहन मुख्य पढ़ाव, नलवा उप पढ़ाव, अंबोदिया मुख्य पढ़ाव, सोडंग उप पढ़ाव, कालियादेह उप पढ़ाव, जैथल मुख्य पढ़ाव, उण्डासा मुख्य पढ़ाव पर अस्थाई अस्पताल स्थापित किये है एवं चिकित्सक एवं मेडिकल स्टॉफ का दल आवश्यक औषधी एवं आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण के साथ तैनात कर श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवायें प्रदान करेंगे।
सी.एम.एच.ओ. डॉ.अशोक कुमार पटेल द्वारा पंचक्रोशी मार्ग पर आने वाले मुख्य पढ़ाव व उप पढ़ाव पर स्थापित होने वाले अस्थाई अस्पताल के स्थल का अवलोकन कर तैयारी प्रारंभ कर दी है साथ ही ड्युटीरत चिकित्सक एवं मेडिकल दल के उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रत्येक मुख्य पढ़ाव एवं उप पढ़ाव पर नोडल अधिकारी को जवाबदेही सौंपी है।