मुख्यमंत्री डॉ यादव ने लगभग 155 करोड़ रुपए लागत के 08 पुलों एवं 02 सड़क निर्माण का भूमि पूजन किया

उज्जैन,मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आज उज्जैन के कालिदास अकादमी परिसर में सम्पन्न हुए कार्यक्रम में लगभग 155 करोड़ रुपए की लागत के 08 पुलों एवं 02 सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने भूमि पूजन समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि पुलों एवं सड़को के निर्माण से तीर्थों का सर्किट बनेंगा और तीर्थ यात्रियों कि लिए परिक्रमा मार्ग भी सुविधाजनक होगा।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि नई सड़को के बनने के बाद उज्जैन से इंदौर जाने के लिए 05 मार्ग उपलब्ध रहेंगे। सिंहस्थ प्लान के ‍लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विशेष पैकेज देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा की सड़क निर्माण में किसानों की भूमि अधिग्रहण करने पर अधिकतम मुल्य वाली भूमि की कीमत के मान से मुआवजा निर्धारित किया जाएगा ।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि अभी तो विकास की यह शुरुआत है आगे आने वाले समय में विकास के अनेकों कार्य कराए जाएगे। प्रदेश में चहुंओर विकास के काम हो रहे हैं। देश के साथ-साथ हमारा अपना मध्यप्रदेश भी बदल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व और दूरदर्शिता से देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हाल ही में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान की सीमा में जाकर आतंकवादियों को नेस्तनाबुत किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायिका, न्यायपालिका एवं चुनाव आयोग ने गणतांत्रिक राष्ट्र भारत में लोकतंत्र को समृद्ध बनाया है। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन एवं कन्याओं का पूजन कर की।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भूमि पूजन किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि लोकनिर्माण विभाग (सेतु) द्वारा 15 करोड़ 18 लाख रुपए की लागत से हरिफाटक से रिंग रोड(इंदौर रोड भैरवगढ) पर क्षिप्रा नदी पर समानांतर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण (वाकणकर ब्रिज), किया जाएगा। इसी तरह मंगलनाथ कमेड़ रोड पर नाले पर मौजूदा पुल के समानांतर 08 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से पुल का निर्माण होगा। पीपलीनाका से भैरवगढ़ मार्ग पर क्षिप्रा नदी पर पूर्व से निर्मित पुल के समानांतर 02 लेन सड़क पर 14 करोड़ 51 लाख रुपए लागत से पुल का निर्माण होगा। नरसिंह घाट पर पूर्व से निर्मित पुल के समानांतर 10 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से पुल का निर्माण होगा। भैरवगढ़ चौराहा सिद्धवट से अंगारेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर क्षिप्रा नदी पर 14 करोड़ 56 लाख रुपए लागत से पुल का निर्माण होगा। तपोभूमि से हामुखेड़ी मार्ग में क्षिप्रा नदी पर सड़क निर्माण के साथ 18 करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से पुल का निर्माण होगा। कर्कराज पार्किंग से भूखीमाता लालपुल पहुंच मार्ग पर क्षिप्रा नदी पर 16 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से नवीन 04 लेन पुल निर्माण होगा। केडी गेट (दुर्गादास छतरी) से गोसा रोड़ पर क्षिप्रा नदी पर 19 करोड़ 99 लाख रुपए की लागत से 04 लेन मार्ग पर पुल निर्माण होगा।

इसी तरह मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बताया कि लोकनिर्माण विभाग द्वारा महामृत्युंजय द्वार से नानाखेडा बस स्टेंड तक 16 करोड़ 89 लाख रुपए की लागत से तथा मकोड़िया आम से सांदिपनी आश्रम तक 19 करोड 58 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण होगा ।

कार्यक्रम में विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा व श्री सतीश मालवीय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के समापन पर श्री संजय अग्रवाल ने उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर बड़नगर विधायक श्री जीतेंद्र पंड्या , पूर्व विधायक श्री राजेंद्र भारती ने महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

इस अवसर पर शहर की बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखियां बांधी। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का आभार जताया और कहा कि हमारी सरकार बहनों का मान-सम्मान बढ़ाने में कोई कमी नहीं रखेंगे। बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम नवाचारों के जरिए आगे बढ़ रहे हैं।