उज्जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अशोक कुमार पटेल के निर्देशन में गठित दल के सदस्यों जिला स्वास्थ्य एवं महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुनीता परमार ,उप जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी श्री चरण सिंह मण्डलोई, आर्टिस्ट कम फोटो ग्राफर श्री राजेन्द्र कुमार वाडिया द्वारा गुरुवार 04 सितंबर को शहर के निजी चिकित्सालय विशेष हॉस्पिटल में दोपहर 2:00 बजे औचक निरीक्षण किया गया। विशेष हॉस्पिटल में गर्भवती महिलाओं के ए.एन.सी. पंजीयन व डिलेवरी अपडेशन नहीं करने के कारण हॉस्पिटल के पंजीयन को 15 दिन के लिये निलंबित किया गया है। 15 दिवस निलंबन अवधि के दौरान हॉस्पिटल का संचालन करते पाये जाने पर हॉस्पिटल को सील किये जाने की भी चेतावनी दी गई।
विशेष हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान हॉस्पिटल में दी जाने वाली सेवाओं एवं मानव संसाधन, रेट लिस्ट की जानकारी चाहने पर उपलब्ध नहीं करवाई गई। हस्ताक्षर रजिस्टर का अवलोकन करने पर हॉस्पिटल में कार्यरत कर्मचारियों की योग्यता संबंधित चिकित्सालयीन कार्य हेतु निर्धारित प्रोटोकॉल अनुसार नहीं पाई गई। हॉस्पिटल में बी.एच.एम.एस चिकित्सक द्वारा अपने योग्यता के विपरित मरीजों का उपचार करते हुए पाया गया। हॉस्पिटल के वार्डो में उचित साफ सफाई एवं साफ सुथरी चादरे नहीं पाई गई। निर्धारित प्रोटोकॉल अनुसार हॉस्पिटल का रिकार्ड ठीक नहीं पाया गया। हॉस्पिटल में चस्पा सूची अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता नहीं पाई गई। हॉस्पिटल में ड्यूटी रोस्टर उपलब्ध नहीं पाया गया। आई.डी.एस.पी के अन्तर्गत फार्म एस,फार्म पी व फार्म एल की रिपोर्ट करने के निर्देश दिये गये। अस्पताल में परिलक्षित उक्त अनियमितता पाई जाने के कारण कार्यवाही की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल के द्वारा यह भी चेतावनी दी गई है कि जिले में संचालित समस्त प्रायवेट नर्सिंग होम/हॉस्पिटल में भी गर्भवती महिलाओं के ए.एन.सी. पंजीयन व डिलेवरी अपडेशन नहीं करने पर निलंबन की कार्यवाही की जायेगी।