मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों को 28वीं किश्त के रूप में दिए 1541 करोड़ रुपए

उज्जैन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की सभी बहनों के जीवन में नित नई मुस्कान लाना सरकार का संकल्प है। बहनों की खुशहाली ही हमारा मिशन है। इसके लिए राज्य सरकार देवी अहिल्याबाई नारी सशक्तिकरण मिशन, लाड़ली बहना योजना सहित अन्य योजनाओं के जरिए कदम-दर-कदम आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में संवेदनशील सरकार है। हमारी नीति और नियत दोनों साथ हैं। प्रदेश की बहनों को हर महीने प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बहनों की खुशी में ही हमारी खुशी है। बहनों के जीवन में विकास से ही पूरे समाज का विकास संभव है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को झाबुआ जिले के पेटलावद में आयोजित राज्य स्तरीय वृहद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण है। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ बहनों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को 17 सितंबर को धार जिले की बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आगमन और प्रदेश को पीएम मित्रा पार्क की सौगात देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में जरूर पधारने की अपील की। उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से मालवांचल सहित पूरे प्रदेश की तस्वीर बदलेगी।
इस दौरान प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग मंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. कुँवर विजय शाह, कैबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री निर्मला भूरिया, सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान जनप्रतिनिधि गण, संभागायुक्त इंदौर डॉ. सुदाम खाड़े, आई जी श्री अनुराग, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अमला एवं बड़ी संख्या में लाडली बहनाएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों को 28वीं किश्त के रूप में सिंगल क्लिक से 1541 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण किया। मुख्यमंत्री ने 53.48 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को भी 320.89 करोड़ राशि का अंतरण किया। मुख्यमंत्री ने 31 लाख से अधिक बहनों को एलपीजी सिलेंडर रिफिलिंग की राशि 48 करोड़ रुपए अंतरित किये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ जिले के पेटलावद में 345.34 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पारम्परिक जनजातीय चिकित्सा पद्धति पर केंद्रित ‘झाबुआ के संजीवक’ नामक पुस्तिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि पेटलावद झाबुआ का चमकदार क्षेत्र है। झाबुआ अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए मशहूर है। झाबुआ खेती और सब्जी उत्पादन में नई इबारत लिख रहा है। यहां का टमाटर देशभर में पहुंचता है। लाड़ली बहनों को आज एक बार फिर सिंगल क्लिक से 1250 रुपए की सौगात मिली है। यह रक्षाबंधन के आनंद की तरह है। योजना की शुरुआत के बाद से अब तक 41 हजार करोड़ की राशि लाड़ली बहनों को दी जा चुकी है। सरकार के खजाना बहनों के लिए भरा हुआ है। दीपावली की भाईदूज के बाद हर माह 1500 रुपए देंगे। हमारी सरकार अपना वचन पूरा करेगी। धीरे-धीरे लाड़ली बहना योजना की राशि हम 3000 रुपए प्रतिमाह कर देगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशवासियों को जीएसटी से छूट मिली है। वे भारत को आत्मनिर्भर बनाते हुए दुनिया के सामने चट्टान की तरह खड़े हैं। दुनिया के हर मंच पर प्रधानमंत्री श्री मोदी के पहुंचने से ही रौशनी आती है। पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। भारत सरकार देश के 85 करोड़ जरूरतमंदों को नि:शुल्क राशन वितरित कर रही है। आज प्रधानमंत्री उज्जवला कनेक्शन के माध्यम से बहनों को 48 करोड़ रुपए की सहायता राशि भेजी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कपास उत्पादक किसानों को पीएम मित्र पार्क की सौगात और लाभ देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को धार आ रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े की शुरुआत की है। स्वस्थ नारी, सशक्त समाज अभियान के अंतर्गत बहनों की सभी प्रकार की जांचें नि:शुल्क की जाएंगी। धार-झाबुआ को उद्योग एवं रोजगार से जोड़कर इसके विकास की नई आधारशिला रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में हर स्तर पर बिजली, पानी और सिंचाई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। किसान भाईयों को किसान सम्मान निधि मिल रही है। प्रदेश में 5 लाख समूहों के माध्यम से 65 लाख बहनें जुड़ी हैं। झाबुआ में 2 लाख बहनें स्व सहायता समूहों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रही हैं। दिव्यांग भाई-बहनों को लगभग 320 करोड़ राशि का लाभ दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि विपक्षी दल के शासनकाल में स्कूलों में बैठने के लिए टाट पट्टी तक नहीं मिलती थी। आज झाबुआ जिले को मेघनगर और पेटलावद में दो सांदीपनि विद्यालय की सौगात मिल रही है। प्रदेश में शासकीय स्कूलों का प्रदर्शन सुधरा है। 12वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी दी जा रही है। 75 प्रतिशत से ऊपर वालों को लैपटॉल वितरित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सड़क हादसे के घायलों के लिए राहवीर योजना लागू की है। हमारी सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। सभी जिलों में नि:शुल्क शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। हर मुश्किल समय में सरकार हमेशा साथ खड़ी है। किसानों ने प्रदेश को समृद्ध बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज झाबुआ को लगभग 350 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। राज्य सरकार ने इस अंचल के पारम्परिक भगौरिया पर्व को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाया है। डीजे ने हमारे प्राचीन वाद्य यंत्र खत्म कर दिए थे। लेकिन झाबुआ के लोगों ने डीजे बैन करके प्राचीन वाद्य यंत्रों की गरिमा और संस्कृति बरकरार रखी है। मुख्यमंत्री ने बहनों को बधाई देते हुए कहा कि आगामी चुनावों में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा। इससे देश की संसद और विधानसभाओं में बहनों का प्रतिनिधित्व और बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि पेटलावद में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड बनाया जाएगा। क्षेत्र में सभी जरूरी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। श्रंगेश्वर महादेव मंदिर को 6.5 करोड़ रूपए की लागत से घाट निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण कर इसे और विकसित किया जाएगा। पेटलावद क्षेत्र के राजगढ़ पारा-राणापुर पेट्रोल पम्प तक 200 करोड़ रूपए की लागत से 55 किलोमीटर टू-लेन रोड बनाई जाएगी। करीब 86 करोड़ रूपए की लागत से एनएच-47 दत्तीगांव खाटे से उमरकोट बोलासा रायपुरिया तक टू-लेन रोड का निर्माण किया जाएगा। पेटलावद क्षेत्र के माछलिया-मृगारुंडी पर 14 करोड़ रूपए की लागत से एक उच्च स्तरीय पुल और टूटी पुलिया की जगह एक नए सेतु का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि धतुरिया झाबुआ से माही नदी पर लाबरिया (जिला धार) तक 68 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने झाबुआ जिले के रामा में नल-जल योजना को भी मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि झाबुआ जिले में 25 करोड़ की लागत से विभिन्न छात्रावास बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि झाबुआ के जनजातीय बच्चे डॉक्टर और इंजीनियर बनें। राज्य सरकार उनके देश से लेकर विदेश तक पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश में जनजातीय समुदाय से कोई राष्ट्रपति पद तक पहुंचा है। हमारी सरकार जनजातीय समुदाय के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। टंट्या मामा के नाम से खरगोन में विश्वविद्यालय संचालित हो रहा है। पेटलावद में 10 साल पहले एक बड़ा ब्लास्ट हुआ था। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने इस दु:खद हादसे के मृतकों और उसके परिजन के प्रति अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त कीं और बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना भी की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण सहित महिला एवं बाल विकास विभाग में नव चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।