उज्जैन,दिव्यांगजन अपने आप को कम न आंके परमात्मा ने आपको विशिष्ट शक्तियां प्रदान की है। महर्षि अष्टावक्र भी दिव्यांगजन थे। लेकिन शास्त्रार्थ में उन्हें कोई भी पराजित नहीं कर सकता था वे अत्यंत विद्वान थे। ईश्वर यदि हमें कोई कमजोरी देता है तो साथ ही विशिष्ट शक्ति भी प्रदान करता है।
उक्त विचार प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कालिदास अकादमी परिसर में दिव्यांगजनों के लिए आयोजित उपकरण वितरण शिविर में व्यक्त किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत आज दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए जा रहे है। यह मानव सेवा भी है और एक प्रकार का आत्मिक सुख भी। सभी उपकरणों का अपने आप में बहुत महत्व होता है। श्रवण यंत्र का उपयोग करने के बाद श्रवण शक्ति का आभास होता है। इससे अत्यंत सुखद अनुभव होता है। हमारा शरीर ब्रह्मांड का स्वरुप है। नर सेवा भी वास्तविक अर्थों में ईश्वर की सेवा है। प्रसिद्ध संगीतकार श्री रवींद्र जैन और स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज दोनों ही दृष्टि बाधित है। लेकिन उनकी क्षमता और योग्यता बाकी लोगों से बहुत अधिक है। इसीलिए हम अपनी विशिष्ट शक्तियों को पहचाने, कठोर परिश्रम करें और जीवन में सफलता प्राप्त करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपनी ओर से सभी दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं दी। इसके पश्चात उनके द्वारा दिव्यांगजनों को स्कूटी, स्पेशलाईज्ड ट्राइसिकल, वाकिंग स्टीक्स वितरित की। मुख्यमंत्री द्वारा मंच से दिव्यांग को स्कूटी की चाबी भी वितरित की गई।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा की दिव्यांजनों को उपकरण वितरण का कार्य मानव सेवा का कार्य है जो आत्मिक सुख देता है। कान की मशीन संप्रेषण और जीवन के अन्य आनंदों के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मोटराइज्ड व्हीलचेयर और स्कूटी मिलने से दिव्यांग भाइयों और बहनों को रोजगार में सहायता होगी और उनके दैनिक जीवन में कार्य करने में सरलता आयेगी। यह उद्बोधन मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कालिदास अकादमी में आयोजित दिव्यांगजनों को सेवा सप्ताह अंतर्गत उपकरण वितरण कार्यक्रम में दिया।
इस अवसर पर सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने कहा की किसानों के हित के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव के निर्देश पर फसल क्षति पर राहत राशि दी जा रही है और कृषकों को फसल का उचित भाव दिलाने के लिए भावांतर योजना की भी शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने स्व श्री भूरेलाल जी फिरोजिया की स्मृति और सामाजिक शोध संस्थान द्वारा आयोजित सेवा कार्यक्रम में 146 दिव्यांग हितग्राहियों को 1 करोड़ 25 लाख रुपए की राशि से इलेक्ट्रिक स्कूटर,कान की मशीन,वॉकिंग स्टीक, व्हीलचेयर आदि उपकरण वितरण किए। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मानव सेवा के लिए जिले की 6 नगर परिषदों को माकडोन, उन्हेल, नागदा, खाचरौद,तराना और बड़नगर को शव वाहन भी वितरण किये। इलेक्ट्रिक स्कूटर चालकों को मुख्यमंत्री डॉ यादव ने हरि झंडी दिखाकर वाहन प्राप्ति की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दीप प्रज्वलन कर की। कार्यक्रम का आभार श्री सुदर्शन जी ने माना । इस अवसर पर विधायक श्री सतीश मालवीय,नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव ,श्री संजय अग्रवाल,श्री राजेंद्र भारती और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
