महाकाल थाना क्षेत्र में गुमशुदा वृद्ध को सकुशल खोजकर परिजनों से मिलवाया

उज्जैन, महाकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत उज्जैन पुलिस द्वारा मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक गुमशुदा वृद्ध व्यक्ति को सकुशल खोजकर उनके परिजनों से मिलवाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 11:30 बजे बाहर से आये एक वृद्ध व्यक्ति के गुम होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही महाकाल थाना पुलिस द्वारा तत्काल तलाश अभियान प्रारंभ किया गया एवं पुलिस टीम द्वारा सतर्कता के साथ क्षेत्र में खोजबीन की गई।

पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप उक्त वृद्ध व्यक्ति को सुरक्षित खोज लिया गया तथा उनके परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें सकुशल सौंपा गया। इस दौरान उनकी ट्रेन छूट जाने के कारण अगली ट्रेन मिलने तक महाकाल थाना पुलिस द्वारा अपने खर्च पर होटल में ठहराने की मानवीय व्यवस्था भी की गई।

पुलिस के इस संवेदनशील एवं सराहनीय कार्य के लिए फरियादी एवं परिजनों द्वारा उज्जैन पुलिस, विशेषकर महाकाल थाना पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।

यह घटना उज्जैन पुलिस की जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं सकारात्मक छवि को दर्शाती है।