सीईओ जिला पंचायत द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई

उज्जैन, मंगलवार को सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन स्थित कलेक्टर सभागार में जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांस कूमट द्वारा जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों से प्राप्त प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान ग्राम उंडासा निवासी श्रीमती सुंदरबाई पति स्व. दौलतराम ने आवेदन दिया कि गांव के सरपंच के मौखिक कहे अनुसार गांव के विद्यालय में झाडू, पौछा, पानी लाने का काम किया था। तीन महीने तक कार्य करने के बाद भी विद्यालय से मेरी मेहनत का पैसा नही दिया जा रहा है। जिसके कारण मैं आर्थिक रूप से परेशान हो चुकी हूं। जनसुनवाई के दौरान आवेदन प्राप्त होने पर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए है।

उज्जैन के निजातपुरा निवासी श्री आशुतोष पिता श्री तेजसिंह बैस ने आवेदन दिया कि उनका चयन मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती वर्ष 2023-24 के अंतर्गत हो चुका है। वर्ष 2023-24 का ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र उपलब्ध नही होने के कारण अभी तक जॉइनिंग लेटर जारी नही किया है, जिससे मेरी नियुक्ति प्रक्रिया बाधित हो रही है। आवेदन में निवेदन किया है कि वर्ष 2023-24 का ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र भूलवश नही बनवा पाया हूं। आवेदन पर तहसीलदार उज्जैन सिटी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम सनकोटा तहसील तराना निवासी श्रीमती कांताबाई पति श्री मानसिंह ने आवेदन दिया कि गांव के निवासी श्री अंतरसिंह पिता श्री हजारी से एक भूखंड 25 बाय 50 फीट का खरीदकर उस भूखंड पर मकान का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान श्री अंतरसिंह और परिवार के सदस्यों द्वारा आपत्ति लेकर कहा जा रहा है कि 9 फीट की हमारी जगह पर निर्माण किया गया है। इस दौरान श्री अंतर सिंह के परिवार के सदस्यों द्वारा धमकी दी जा रही है। इस पर तराना एसडीएम को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम लक्ष्मीपुरा कायथा निवासी श्री जगदीश पिता श्री भागीरथ ने आवेदन दिया कि उसकी पत्नी श्रीमती पवन बाई तीन बच्चे रामेश्वर, नैना, संध्या को गांव के राजेश पिता गोकुल 8/11/2025 को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसकी कायथा थाने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई है। आवेदन में कहा है कि मेरी पत्नी और तीनों बच्चों की तलाश कर मुझे दिलाएं। इस पर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम तराना को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम पालकी तहसील नागदा निवासी श्री ईश्वरसिंह पिता श्री सरदार सिंह ने आवेदन दिया कि मेरी पैतृक भूमि का विक्रय कर मेरे द्वारा ग्राम गुराडियापित्रामल तहसील नागदा में 21 बीघा जमीन क्रय कर उक्त भूमि की रजिस्ट्री पत्नी विष्णु बाई के नाम से कराई थी। अब विष्णु बाई यह भूमि बाले-बाले विक्रय कर रही है। मेरे द्वारा पत्नी से पूछताछ की गई तो झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इस पर नागदा एसडीएम को जांचकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम बेडावन निवासी श्रीमती रतनबाई पति श्री मोहन धाकड़ ने आवेदन दिया कि गांव में ही मेरे पट्टे की कृषि भूमि को मेरे सगे भाई ने लोन के नाम हस्ताक्षर कराने के बाद विक्रय कर दी। जबकि मेरे द्वारा भूमि बेचने की सहमति नही दी गई थी। मेरे साथ धोखाधड़ी की गई है। आवेदन में उक्त पट्टे की भूमि की बिक्री की जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्यवाही की जाए। इस पर विधिक सहायता के लिए निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री शाश्‍वत शर्मा, एडीएम अत्येंद्र सिंह और विभागों के अधिकारियों ने प्राप्‍त आवेदनों पर सुनवाई की।