उज्जैन,कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक गुरुवार सुबह कलेक्टर कार्यालय सभागृह में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने वाहन चलाते समय मोबाइल चलाने वालों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हांकित कर निरंतर सुधार के लिए रंबल स्ट्रिप, केट आई ,आवश्यक संकेतक ,स्पीड ब्रेकर निर्माण की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।बैठक में कृषकों की ट्रैक्टर ट्रॉली एवं अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।बैठक में इंटरसिटी बड़ी बसों को शहर में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने स्कूल संचालकों से स्कूलों वाहनों में छात्रों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस सिस्टम लगाने एवं आरटीओ से स्कूल वाहनों के फिटनेस का सत्यापन करने के निर्देश दिए। रात्रि में आवागमन की सुविधा के लिए और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए बैठक में पशुओं के सींग पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सड़क दुर्घटना में घायल नागरिकों को गोल्डन अवर में उपचार मिल सके और उन्हें इलाज के लिए समय पर आर्थिक मदद प्राप्त हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय कर आवश्यक कार्ययोजना बनाए। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में यातायात जागरूकता के लिए निरंतर जागरूकता अभियान नुक्कड़ नाटक ,प्रेरक संदेशों के माध्यम से स्कूल, कॉलेज, मोहल्ला एवं गार्डन में चलाए जा रहे है। बैठक में जानकारी दी गई कि हिट एंड रन केस के 19 प्रकरण स्वीकृत किए गए है। उक्त 19 प्रकरणों में 32 लाख रुपए की राहत राशि स्वीकृत की जा चुकी है।
बैठक में जानकारी दी गई कि 2025 की अपेक्षा 2026 में 1 जनवरी से 15 फरवरी तक सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 43 प्रकरणों की कमी आई है साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों की संख्या में भी कमी आई है। बैठक में जानकारी दी गई है कि 1,जनवरी 2025 से 31, दिसंबर 2025 तक हेलमेट ना लगाकर दोपहिया वाहन चलाने पर 13,892 चालानी कार्यवाही और सीट बेल्ट ना लगाकर गाड़ी चलाने पर जिले में 3,240 चालान बनाए गए है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट, एडीएम श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर , एएसपी श्री आलोक शर्मा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।