उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई करते हुए समयसीमा में कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए गए।
योगेश्वर टेकरी आर्य समाज मार्ग निवासी मदनलाल ने आवेदन दिया कि उनके घर में फ्रिज का कंप्रेशर फटने से आग लग गई थी। जिस कारण उनका पूरा घर जल गया। उक्त आग में जन हानि नहीं हुई है लेकिन प्रार्थी के घर में रखे सभी सामान और आवश्यक दस्तावेज जल गए है। प्रार्थी के घर के साथ-साथ उनके मकान से लगे हुए कुछ अन्य घर भी आग की चपेट में आ गए है। कलेक्टर श्री सिंह ने इस पर तहसीलदार उज्जैन को तत्काल आर्थिक सहायता प्रार्थी को उपलब्ध कराएं जाने के निर्देश दिए।
उज्जैन के ग्राम मोरुखेडी निवासी आशा बाई पति गिरधारी लाल ने आवेदन दिया कि उनके द्वारा आर्थिक समस्या के चलते एक व्यक्ति के पास घर के जेवर गिरवी रखे गए थे। प्रार्थियां के द्वारा कर्ज की राशि व्यक्ति को समय पर लौटाएं जाने के बावजूद व्यक्ति द्वारा उनके जेवर लौटाए नहीं जा रहे है। इस पर एडीशनल एसपी को मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
झारडा के ग्राम रुदाहेडा निवासी लक्ष्मीबाई ने आवेदन दिया कि गांव में एक मछुआ सहकारी संस्था द्वारा तालाब में मत्स्याखेट के लिए प्रस्तुत किए गए आवेदन पत्र में फर्जी दस्तावेज लगाए गए है। इस पर सहायक संचालन मत्स्य पालन विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उज्जैन निवासी रमेश चंद्र ने आवेदन दिया कि वे एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य करते है। उनके माता पिता के गंभीर बीमारी से उपचार के दौरान उन्हें काफी कर्ज लेना पडा था जिस वजह से उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है। अत: उन्हें शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस पर कलेक्टर कार्यालय की स्वेच्छानुदान मद आर्थिक सहायता शाखा के प्रभारी अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, एडीएम श्री अतेंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा अन्य मामलों में जनसुनवाई की गई।