उज्जैन,दिनांक 28.02.2026 को थाना नीलगंगा क्षेत्र अंतर्गत बंगाली कॉलोनी, उज्जैन में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान निखिल आहके के रूप में हुई है, जो सारणी (जिला बैतूल) का निवासी था। जानकारी अनुसार निखिल की युवती से दोस्ती थी। संबंधित युवती दस दिन पूर्व ही अपने जीजा के घर उज्जैन आई थी। प्रारंभिक तथ्यों से यह भी ज्ञात हुआ है कि किसी कारणवश युवती निखिल से बातचीत नहीं कर रही थी।
युवक उज्जैन आया हुआ था तथा अपने साथ एक रिवॉल्वर लेकर आया था। संबंधित मकान में पहुंचने के पश्चात उसने एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अपने पास मौजूद रिवॉल्वर से स्वयं को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटनास्थल से रिवॉल्वर बरामद कर जब्त कर लिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। हथियार के संबंध में वैधानिक स्थिति एवं अन्य तथ्यों की विस्तृत जांच जारी है।
थाना नीलगंगा पुलिस द्वारा प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।