उज्जैन, सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभागृह में शनिवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे अधोसंरचना विकास के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में श्री सिंह ने सिंहस्थ कार्यों को कराने वाले सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए है कि निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमी आई तो संबंधित अधिकारी पर कठोर निलंबन की कार्यवाही की जाएगी। श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अधिकारी निर्माण कार्य स्थल पर ध्यान रखें। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निर्माणाधीन कार्य समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। इस तरह का चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
आगामी सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सिंहस्थ मेला कार्यालय पर मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने ली। बैठक के दौरान सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने विभागवार कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि सिलारखेडी डेम कार्य प्रगतिरत है। रेलवे की अनुमति भी प्राप्त हो चुकी है। कान्ह डायवर्जन क्लोज डक्ट परियोजना के कार्य में भी प्रगति जारी है। बारिश के मौसम के पहले ऑफ स्ट्रीम का कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। मेला अधिकारी श्री सिंह ने कान्ह डायवर्जन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए है। घाट निर्माण को लेकर जानकारी दी गई कि कार्य प्रगतिरत है। मॉडल घाट पर दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेंप निर्माण किया गया है। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि मॉडल के रूप में तैयार किए वाले घाट पर 04 मीटर चौडाई की रेंप बनाई जाए। रेंप के बीच में रैलिंग लगाई जाए जिससे 02 मीटर चौडा मार्ग श्रद्धालुओं के घाट पर आने के लिए और 02 मीटर चौडा मार्ग घाट से वापस जाने के लिए निर्धारित किया जाए।
बैठक में एमपीईबी के माध्यम से किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि चारधाम मंदिर के समीप और वाल्मीकि धाम क्षेत्र में सब स्टेशन का कार्य प्रगतिरत है। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ 2028 के निर्माणाधीन कार्य कराने वाले विभागीय अधिकारी अन्य विभागों से बेहतर समन्वय बनाकर कार्य को गति दें। पीडीसी के माध्यम से संयुक्त प्रशासनिक भवन और मेडिसिटी के कार्य की प्रगति की जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य प्रारंभ करने के पूर्व ब्लास्टिंग के कार्य को सावधानीपूर्वक किया जाए।
बैठक में वन मंडलाधिकारी श्री अनुराग तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट सहित सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत अधोसंरचना विकास कार्य कराने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।