रामघाट पर स्नान के दौरान डूब रहे श्रद्धालु को SDERF जवानों एवं तैराक दल ने सुरक्षित बचाया

उज्जैन, दिनांक 07.03.2026 को उज्जैन दर्शन हेतु आए श्रद्धालु अंकित सैनी पिता राजेन्द्र सैनी उम्र 23 वर्ष स्नान करने के लिए रामघाट, क्षिप्रा नदी पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक वे नदी के गहरे पानी की ओर चले गए, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे।

घाट पर उपस्थित लोगों द्वारा शोर मचाने पर वहां ड्यूटी पर तैनात *SDERF जवान राहुल मंगलेश्वरी एवं संतोष सोलंकी* तथा रामघाट तैराक दल के जवानों ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए बिना विलंब किए नदी में छलांग लगाकर रेस्क्यू कार्य प्रारंभ किया।

जवानों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गहरे पानी में डूब रहे श्रद्धालु को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते रेस्क्यू किए जाने से श्रद्धालु की जान बच गई। बाहर निकालने के पश्चात मौके पर मौजूद पुलिस बल द्वारा श्रद्धालु की स्थिति का प्राथमिक परीक्षण किया गया, जो सुरक्षित एवं सामान्य पाई गई।

🔹सराहनीय कार्यवाही :-

SDERF जवानों एवं तैराक दल द्वारा तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए की गई इस कार्यवाही से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। मौके पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा जवानों के इस साहसिक एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई।

🔹अपील :-
उज्जैन पुलिस द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि क्षिप्रा नदी में स्नान करते समय सावधानी बरतें, गहरे पानी में जाने से बचें तथा घाटों पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।