उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में गत दिवस अचल संपत्तियों की दरें निर्धारित करने के लिए जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला मूल्यांकन समिति उज्जैन, बडनगर, महिदपुर, नागदा, खाचरौद, तराना एवं घट्टिया के वर्ष 2026-27 के लिए प्राप्त नई दरों के प्रस्तावों की समीक्षा एवं विश्लेषण किया गया।
वरिष्ठ जिला पंजीयक श्रीमती ऋतंभरा द्विवेदी द्वारा बताया गया कि जिले में कुल 4353 लोकेशन हैं, जिनमें 3229 लोकेशनों की दरों में वृद्धि किये जाने के निर्देश दिये गए। इनमें शहरी क्षेत्र में 1665 एवं ग्रामीण क्षेत्र में 1564 लोकेशन में वृद्धि की जा रही है। तहसील उज्जैन के 1189, बडनगर 321, महिदपुर 346, नागदा 310, खाचरौद 356, तराना 507 एवं घट्टिया में 200 लोकेशन की दरों में वृद्धि किये जाने के प्रस्ताव अनुमोदित किए गए। जानकारी दी गई कि जिले में गाईड लाईन में कुल वृद्धि शहरी क्षेत्र में 12.96 एवं ग्रामीण क्षेत्र में 21.38 हुई है। इस प्रकार जिले में 17.18 प्रतिशत औसत वृद्धि की जा रही है। जिले में 100 एवं 100 प्रतिशत से अधिक वृद्धि के क्षेत्रों की संख्या 33 है, जो कि रत्नाखेडी, जमालपुर, कुँवारिया, दताना, कोलूखेडी, मंगरोला, लिम्बापिपलिया, द तिरूपति ग्राण्ड कॉलोनी, महालोक डिपो तराना, प्रकाश नगर, जवाहर मार्ग नागदा आदि है। इसके अतिरिक्त ग्राम चिंतामण जवासिया, ग्राम मंगरोला, जीवनखेडी, शंकरपुर, ताजपुर, धतरावदा, देवराखेडी, कथारिया, देवरखेडी, बोद्धानी, नरवर, दताना, मत्तानाकलां, रत्नाखेडी, पालखेडी एवं सिंहस्थ / ग्रीन बेल्ट क्षेत्र के ग्रामों आदि में भी वृद्धि की गयी है।
उज्जैन तहसील के शहरी क्षेत्र में अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी, तिरूपति ग्राण्ड, तिरुपति विस्टा, रूद्रांश एवेन्यू, महालक्ष्मी नगर, वी.डी.एस. प्राईम परिसर, दशहरा मैदान, वजीर पार्क, ग्रेण्ड रतन एवेन्यू, दवा बाजार, महाकाल मार्ग, आदि में वृद्धि की गयी हैं। जिले में 40 नवीन कॉलोनी/लोकेशन को जोड़ा गया है, जिसमें तहसील उज्जैन की 29 कॉलोनी सम्मिलित है इनमें (शिवांश सिग्नेचर, तिरूपति सिलिकॉन सिटी, मनी विहार गोल्ड, श्री सांवरिया ड्रिम्स, गौतम विहार, द ग्रीन सिटी कॉलोनी आदि) उज्जैन एवं उज्जैन के आसपास ग्रामों में व्यापक स्तर पर लगभग 50 से 100 प्रतिशत कृषि भूमि की दरों में वृद्धि की गयी है, जिसमें ग्राम नरवर में लगभग 74 प्रतिशत, पिपलौदा द्वारकाधीश 67 प्रतिशत, जीवन खेडी 36 प्रतिशत, निनौरा 25 प्रतिशत, दताना सड़क 150 प्रतिशत, मताना कलां 67 प्रतिशत वृद्धि की गयी। इस प्रकार जिला उज्जैन की 4363 लोकेशन में से 3229 लोकेशन में कमशः 0-30 में 2796, 30-50 में 277, 50-100 में 139 एवं 100 से अधिक में 17 लोकेशनों में समिति द्वारा वृद्धि केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को अनुशंसित की गयी है।
बाजार मूल्य की गाईड लाईन वर्ष 2026-27 की अंतिम दरों में आमजनता के सुझाव आमंत्रित किए गए है। आमजन आपत्तियां / सुझाव आगामी 22 मार्च तक तहसील एवं वरिष्ठ जिला पंजीयक कार्यालय में शाम 6:00 बजे तक प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके बाद अंतिम प्रस्ताव केन्द्रीय मूल्यांकन बोर्ड को प्रेषित किए जाएंगे।