महिला पुलिस अधिकारियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उज्जैन पुलिस लाइन में ‘विशेष वेलनेस कैंप’ का आयोजन

उज्जैन, महिला पुलिस अधिकारियों के सम्मान और उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से जिला पुलिस लाइन, उज्जैन के बैडमिंटन हॉल में एक विशेष वेलनेस कैंप का भव्य आयोजन किया गया। यह शिविर ‘फेम फिजियो सर्कल’ (Fem Physio Circle) और जिला पुलिस उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उज्जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने महिला अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कर्तव्य की व्यस्तता के बीच स्वयं के स्वास्थ्य का ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे और अधिक ऊर्जा के साथ अपनी सेवाएँ दे सकें।

*🔹शिविर की मुख्य विशेषताएँ एवं गतिविधियाँ:*
महिला पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिविर में निम्नलिखित जांच और गतिविधियाँ आयोजित की गईं:
• स्वास्थ्य जाँच: पैरों में सुन्नपन, झुनझुनी और ब्लड सर्कुलेशन की आधुनिक मशीनों द्वारा जाँच।
• मेडिकल चेक-अप: नियमित बीपी (BP) चेक-अप और मशीन द्वारा बीएमआई (BMI) एवं बॉडी फैट की सटीक जाँच।
• मानसिक स्वास्थ्य: तनाव मुक्ति के लिए ‘मेंटल फिटनेस’ गतिविधियाँ और विशेषज्ञों द्वारा परामर्श।
• मनोरंजक गतिविधियाँ: शारीरिक स्फूर्ति के लिए ‘जॉय वर्कआउट सेशन’ और ‘फन फिटनेस चैलेंज’ का आयोजन किया गया, जिसमें महिला अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

*🔹सराहनीय पहल:*
शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने महिला अधिकारियों को कार्यस्थल पर होने वाले शारीरिक तनाव और उसे दूर करने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।