उज्जैन,फरियादी द्वारा अपने गुरुजी श्री सत्यम शुक्ल के साथ थाना चिंतामन उपस्थित होकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान, चिंतामन उज्जैन के छात्रावास में रहकर ऋग्वेद शाखा में कक्षा 09वीं का छात्र है।
दिनांक 15.03.2026 को रात्रि लगभग 09:30 बजे फरियादी अपने निर्धारित कक्ष के स्थान पर अन्य कक्ष में जाकर सो गया था। रात्रि करीब 10:00 बजे छात्रावास इंचार्ज *दत्तदास रघुनाथ शेवडे* को उक्त बात की जानकारी होने पर उन्होंने फरियादी को कक्ष के बाहर बुलाकर अश्लील गालियाँ दीं। फरियादी द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसे छात्रावास कार्यालय में बुलाकर लकड़ी के डंडे से मारपीट की।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना चिंतामन में आरोपी दत्तदास रघुनाथ शेवडे के विरुद्ध मारपीट एवं गाली-गलौज से संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
*🔹पुलिस कार्यवाही –*
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना चिंतामन पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए आरोपी को अल्प समय में ही गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी से पूछताछ की गई एवं आवश्यक साक्ष्य संकलित कर वैधानिक कार्यवाही पूर्ण की गई। तत्पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
*🔹अन्य विभागीय कार्यवाही –*
उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान, चिंतामन उज्जैन प्रबंधन द्वारा भी आरोपी के विरुद्ध सख्त कदम उठाते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक (कार्य से निष्कासित) कर दिया गया है।
*🔹पुलिस का संदेश –*
उज्जैन पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना, दुर्व्यवहार अथवा अनुशासन के नाम पर हिंसा को बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।