फोटोग्राफी के नाम पर धोखाधड़ी कर ₹10.25 लाख के कैमरे हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन,दिनांक 20.03.2026 को फरियादी कृपाल सोलंकी पिता बाबूलाल सोलंकी, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम भैंसौदा, थाना पंवासा, जिला उज्जैन द्वारा थाना माधवनगर पर उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह शादी-ब्याह कार्यक्रमों में फोटोग्राफी का कार्य करता है। फरियादी की पहचान पूर्व में रजत बड़वाया निवासी अवन्तीपुरा, उज्जैन से हुई थी। दिनांक 01.03.2026 को आरोपी द्वारा फोटोग्राफी कार्य हेतु फरियादी से उसके तीन कैमरे (Sony M4, Canon R6 Mark II, Canon R) कुल कीमत लगभग ₹7,50,000/- लेकर 02 दिवस में वापस करने का आश्वासन दिया गया था।

किन्तु निर्धारित समय के पश्चात आरोपी द्वारा कैमरे वापस नहीं किए गए तथा टालमटोल करता रहा। बाद में जानकारी प्राप्त हुई कि आरोपी द्वारा उक्त कैमरे अन्य व्यक्तियों को दे दिए गए हैं। आरोपी के विरुद्ध अन्य व्यक्तियों के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी करने की जानकारी सामने आई है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 112/2026 धारा 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

*🔹पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही -*

प्रकरण की गंभीरता एवं आरोपी की आपराधिक प्रवृत्ति को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी माधवनगर निरीक्षक राकेश भारती द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा आरोपी की गिरफ्तारी एवं मशरूका बरामदगी हेतु विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी की तलाश जिला देवास एवं जिला इंदौर के विभिन्न संभावित स्थानों पर की गई, किन्तु प्रारंभिक प्रयासों में आरोपी का कोई पता नहीं चल सका। तलाश के दौरान दिनांक 21.03.2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी *रजत पिता दीपचंद बड़वाया निवासी अवन्तीपुरा, थाना जीवाजीगंज उज्जैन,* काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर पांड्याखेड़ी ब्रिज के नीचे खड़ा है।

सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सतर्कता एवं मुस्तैदी से घेरकर पकड़ा गया। आरोपी से नाम-पता पूछताछ कर पुष्टि की गई तथा उसके कब्जे में रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमें कैमरे पाए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा उक्त घटना करना स्वीकार किया गया।

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया एवं विस्तृत पूछताछ की गई।

*🔹जप्त मशरूका -*

आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित मशरूका बरामद किया गया –

01. एक SONY M4 कैमरा एवं लेंस – कीमत लगभग ₹2,75,000/-

02. एक CANON R6 MARK II कैमरा एवं लेंस – कीमत लगभग ₹2,50,000/-

03. एक CANON R कैमरा एवं लेंस – कीमत लगभग ₹2,50,000/-

04. एक CANON 4 कैमरा एवं लेंस – कीमत लगभग ₹2,00,000/-

05. 04 नग कैमरा चार्जर एवं अन्य एसेसरीज – कीमत लगभग ₹50,000/-

*👉 कुल जप्त मशरूका – लगभग ₹10,25,000/-*

*🔹आगे की कार्यवाही -*

आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जेल दाखिल किया गया है।

प्रकरण में अन्य संभावित पीड़ितों एवं सहयोगियों के संबंध में विवेचना जारी है।

*🔹सराहनीय कार्य -*

उक्त उत्कृष्ट कार्यवाही में निम्न पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही – निरीक्षक राकेश भारती – थाना प्रभारी माधवनगर
उप निरीक्षक सालगराम चौहान
उप निरीक्षक आरती डावर
प्रधान आरक्षक 797 रवि शर्मा
आरक्षक 1505 संजय बिजापारी
आरक्षक 491 सुभाष

*▪️उज्जैन पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार के लेन-देन अथवा उपकरण/सामग्री देने से पूर्व संबंधित व्यक्ति की पूर्ण जानकारी एवं सत्यापन अवश्य करें, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।