सड़क निर्माण कार्य में देरी होने पर निर्माण एजेंसी पर 05 लाख रुपए की पेनल्‍टी लगाई गई

उ‍ज्‍जैन, सिंहस्‍थ महापर्व के अंतर्गत अधोसंरचना के विकास कार्यों का निर्माण प्रगतिरत है। विभिन्‍न विभागों के माध्‍यम से निर्माणाधीन कार्यों का सतत निरीक्षण संभागायुक्‍त सह सिंहस्‍थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह एवं कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है। शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान संभागायुक्‍त श्री सिंह ने सड़क निर्माण कार्य में देरी होने पर संबंधित निर्माण एजेंसी पर 05 लाख रूपए की पेनल्‍टी लगाने के निर्देश दिए। संभागायुक्‍त श्री सिंह ने सभी निर्माण एजेन्सियों को गुणवत्‍ता के साथ समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्‍त निर्देश दिए।

संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए खजूरवाली मस्जिद से के.डी. गेट तक पैदल भ्रमण करते हुए मार्ग चौडीकरण कार्य का निरीक्षण किया। संभागायुक्‍त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि मार्ग चौडीकरण के कार्य की गति‍ बढ़ाई जाए। इस बात का ध्‍यान रखें कि निर्माण कार्य में उपयोग में आने वाली सामग्री की गुणवत्‍ता में कोई कमी ना रहें।

संभागायुक्‍त श्री सिंह ने सिंहस्‍थ 2028 के तहत श्री रणजीत हनुमान मंदिर से सिंहस्‍थ बायपास वाया गोंसा तक 2.1 कि.मी. तक 04 लेन निर्माणाधीन सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क मार्ग के निर्माण कार्य की धीमी गति होने से कार्य की प्रगति प्रभावित होने पर निर्माण कार्य करने वाली संबंधित एजेंसी नारायण प्रसाद फूलचंद मिश्रा फर्म पर 5 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

संभागायुक्‍त श्री सिंह व कलेक्‍टर श्री सिंह ने जूना सोमवारिया में सड़क चौडीकरण कार्य, ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद भूखी माता मंदिर के समीप निर्माणाधीन ब्रिज निर्माण कार्य का अवलोकन कर संबंधित विभाग व निर्माण करने वाली एजेंसी को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्‍ता का विशेष ध्‍यान रखने के निर्देश दिए।