खुद को भारत सरकार का ‘Joint Secretary’ बताने वाला फर्जी आईएएस अधिकारी गिरफ्तार

उज्जैन,थाना महाकाल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वीआईपी सुविधाओं का लाभ लेने के उद्देश्य से खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) का अधिकारी बताने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है।

*🔹घटना का विवरण:*
दिनांक 06.04.2026 को आरोपी अतुल कुमार (निवासी: द्वारिकापुरी, दिल्ली) ने जिला सत्कार कार्यालय, उज्जैन में संपर्क कर स्वयं को मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन में जॉइंट सेक्रेटरी (IAS) बताया। आरोपी ने अपनी फर्जी पहचान का धौंस दिखाते हुए दिनांक 11.04.2026 को सर्किट हाउस में दो कक्ष आरक्षित करने और विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्मार्ती अनुमति के लिए आग्रह किया था।

दिनांक 11.04.2026 को जब आरोपी सर्किट हाउस पहुँचा, तो वहां तैनात लायजनिंग अधिकारी द्वारा आधिकारिक परिचय पत्र (Official ID) मांगे जाने पर वह टालमटोल करने लगा और स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार व बहस करने लगा। संदेह होने पर जब प्रशासन ने सिविल एविएशन मिनिस्ट्री, दिल्ली में संपर्क कर सत्यापन किया, तो पाया गया कि इस नाम का कोई भी अधिकारी वहां पदस्थ नहीं है।

*🔹पुलिस कार्यवाही:*
सहायक सत्कार अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय उज्जैन की लिखित शिकायत पर थाना महाकाल में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 118/2026, धारा 204, 319(2) बी.एन.एस. (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही।