उज्जैन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दिए गए निर्देश पर उज्जैन- जावरा ग्रीन फील्ड मार्ग बनाया जाना प्रस्तावित है इसके लिए आज संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह ने रतलाम कलेक्टर कार्यालय में पहुंचकर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह और एमपी आरडीसी के अधिकारियों के साथ इस संबंध में समीक्षा बैठक की।
बैठक में बताया गया कि उज्जैन जावरा ग्रीन फील्ड मार्ग में उज्जैन और रतलाम के जिले के गांव आ रहे हैं। इनमें भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है। जावरा से लेकर महू नीमच मार्ग तक जोड़ने के लिए प्रस्तावित भूमि के लिए आज समीक्षा की गई । जिसमें संभाग आयुक्त ने निर्देश दिए कि कलेक्टर रतलाम इस संबंध में अवार्ड पारित करें और सभी राजस्व के अधिकारी किसानों से चर्चा कार्यवाही सुनिश्चित करें।
संभाग आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अप्रैल को इस मार्ग निर्माण के लिए उज्जैन से भूमि पूजन करेंगे । दोनों छोर से काम शुरू करने के लिए आवश्यक है कि भूमि अधिग्रहण के साथ अन्य कार्यवाही भी समय पर पूर्ण हो जाए ।
उज्जैन की तरफ से मार्ग निर्माण का कार्य जल्द शुरू होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार यह बहु उपयोगी मार्ग है और इस मार्ग के बनने से उज्जैन-जावरा की दूरी भी कम हो जाएगी। इसके साथ ही दिल्ली-मुंबई और महू – नीमच मार्ग की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
जिससे सिंहस्थ 2028 में आने वाले श्रद्धालुओं को एक नया मार्ग उपलब्ध रहेगा और भीड़ नियंत्रण में भी सुविधा होगी। सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को मां शिप्रा के पवित्र जल से स्नान करने के लिए यातायात सुगमता से प्राप्त हो सकेगा।
देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को इस मार्ग की बनने के बाद राजस्थान, दिल्ली, मुंबई से सड़क मार्ग से भी आने-जाने में सुविधा हो जाएगी।