मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में फिरोजिया ट्रॉफी का फाइनल मैच आयोजित हुआ

उज्जैन, मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह रात की 12 बजे भी मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की उपस्थिति उज्जैन के नागरिकों का खेल के प्रति प्रेम दर्शता है।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना विकसित करते हैं और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। जिले में नानाखेड़ा स्थित राजमाता विजयराजे सिंधिया स्टेडियम , माधव नगर स्थित मैदान ,दशहरा मैदान आदि मैदानों पर खेल की व्यवस्थाओं का आधुनिकरण किया गया है।इन सब मैदानों के साथ क्षीर सागर मैदान को भी आधुनिक स्टेडियम के रूप में नगर निगम और खेल विभाग द्वारा विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने विजेता टीम को रुपए 1 लाख और उपविजेता टीम को 51 हजार के अतिरिक्त नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की। यह उद्बोधन मुख्यमंत्री डॉ यादव ने फिरोजिया ट्रॉफी फाइनल के अवसर पर दिया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव के मुख्य आतिथ्य में  टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता फिरोजिया ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला बड़े उत्साह और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
फिरोजिया ट्रॉफी का आयोजन 12 अप्रैल से 19 अप्रैल तक उज्जैन के क्षीर सागर मैदान पर किया गया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने मुख्यमंत्री डॉ यादव का फिरोजिया ट्रॉफी में प्रत्येक वर्ष पधारने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने पर आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि फिरोजिया ट्रॉफी हर वर्ष सांसद श्री अनिल फिरोजिया के पिता स्व श्री भूरेलाल फिरोजिया की स्मृति में विगत 21 वर्षों से आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार रुपए 5 लाख 51 हजार है और द्वितीय पुरस्कार 2 लाख 51 हजार है। प्रतियोगिता में इस वर्ष नारी शक्ति वंदन की भावना को साकार करते हुए महिला क्रिकेट मैच और मातृशक्ति सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा,श्री रवि सोलंकी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।