उज्जैन पुलिस की मेगा कार्रवाई, 680+ आरोपियों पर एक साथ शिकंजा, सघन कार्यवाही से पुलिस थानों पर लगी आरोपियों की भीड़

उज्जैन, उज्जैन जिले में अपराधों की रोकथाम, फरार आरोपियों की धरपकड़ एवं आमजन में सुरक्षा का वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन में दिनांक 25 अप्रैल 2026 की रात्रि 23:00 बजे से 26 अप्रैल 2026 की प्रातःकाल तक जिलेभर में एक व्यापक, योजनाबद्ध एवं सघन “कॉम्बिंग गश्त” अभियान संचालित किया गया।

इस अभियान को जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में एक साथ प्रभावी रूप से लागू किया गया, जिसमें 600 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान की कमान स्वयं पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा संभाली गई, जिनके साथ समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक/एसडीओपी एवं थाना प्रभारीगण भी अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहकर कार्रवाई की मॉनिटरिंग करते रहे।

अभियान के पूर्व सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों का विशेष रूप से चयन कर टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों द्वारा रात्रिकालीन समय में सुनियोजित तरीके से दबिश देकर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

*🔷अभियान के दौरान की गई विस्तृत कार्यवाहियां*-

*▪️स्थाई वारंट तामील एवं गिरफ्तारी*- कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिला पुलिस द्वारा 185 से अधिक स्थाई वारंटों की तामील करते हुए संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई हेतु संबंधित थानों पर लाकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा ।

*▪️गिरफ्तारी वारंट तामील*- इसके अतिरिक्त लगभग 110 से अधिक गिरफ्तारी वारंटों की तामील कर फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे लंबित प्रकरणों में प्रगति सुनिश्चित की गई।

*▪️गुंडा/निगरानी बदमाशों की सघन चेकिंग*- जिलेभर में लगभग 320 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के घर-घर जाकर सत्यापन किया गया। पुलिस टीमों द्वारा उनके वर्तमान क्रियाकलाप, निवास स्थिति, आजीविका के स्रोत एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी एकत्रित कर उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।

*▪️वसूली वारंटों की कार्रवाई*-
अभियान के दौरान 10 वसूली वारंट भी तामील किए गए, जिसके अंतर्गत संबंधित व्यक्तियों से विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी ।

*🔹चिन्हित अपराधियों का भौतिक सत्यापन*- लगभग 250 से अधिक चिन्हित अपराधियों की जांच कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की भी पहचान कर आवश्यक पूछताछ की गई।

*▪️आर्म्स एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई*- कॉम्बिंग गश्त के दौरान ऐसे 03 प्रकरण सामने आए, जिनमें आरोपी रात्रिकालीन समय में अवैध हथियार लेकर घूमते पाए गए। इन सभी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।

*▪️संपत्ति संबंधी अपराधियों की निगरानी*- लगभग 50 संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों का सत्यापन कर उनके विरुद्ध आवश्यक जानकारी संकलित की गई एवं भविष्य में अपराध से दूर रहने हेतु चेतावनी दी गई।

*▪️इनामी एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी*- अभियान के दौरान 06 फरार एवं इनामी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।

*▪️मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई*- रात्रिकालीन गश्त के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत 04 प्रकरणों में कार्यवाही की गई ।

*🔷अभियान का प्रभाव एवं उद्देश्य*-
इस व्यापक कॉम्बिंग गश्त के माध्यम से जिले में सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामील एवं निगरानी बदमाशों की सघन चेकिंग से अपराधियों में पुलिस का भय व्याप्त हुआ है तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

*🔷 पुलिस का संदेश*-

उज्जैन पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार के विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।