कलेक्टर श्री सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने ग्राम ग़जनीखेड़ी में चौपाल लगाई और रात्रि विश्राम किया

उज्जैन,मध्यप्रदेश में सुशासन को जमीनी स्तर तक प्रभावी बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशों का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने ग्राम गजनीखेड़ी में ग्राम चौपाल आयोजित कर न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बल्कि रात्रि विश्राम कर प्रशासन की संवेदनशीलता का एक सशक्त संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव की मंशानुरूप ग्राम चौपाल की पहल केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रही, बल्कि ग्रामीणों के बीच बैठकर संवाद स्थापित करने, उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने और त्वरित समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का माध्यम बनी। चौपाल में किसानों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने खुलकर अपनी बात रखी, जिस पर कलेक्टर श्री सिंह,पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट और एसडीएम श्री धीरेंद्र पाराशर ने अधिकारियों को मौके पर ही समस्या समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

*घर-घर आसानी से पहुंच रही शासन की सेवाएं और योजनाएं*
मुख्यमंत्री डॉ यादव की सरकार का प्रमुख लक्ष्य “शासन की सेवाएं घर-घर तक पहुंचाना” अब व्यवहार में उतरता नजर आ रहा है। ग्राम चौपाल के माध्यम से राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी सीधे नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। इससे ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता से प्राप्त हो रहा है।

*किसान कल्याण वर्ष किसानों की विकास यात्रा में एक और कदम*

कलेक्टर श्री सिंह ने चौपाल में जानकारी दी कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मनाने की घोषणा ने कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया है। इसका उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि किसानों की वास्तविक आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।

*किसान कल्याण वर्ष में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने किसानों के हित के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं*

मुख्यमंत्री डॉ यादव के निर्देशानुसार किसानों के हित में उपार्जन प्रक्रिया 6 दिन संचालित करने, ताकि अधिक से अधिक किसानों की उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जा सके।कृषकों की भूमि अधिग्रहण पर चार गुना तक मुआवजा, जिससे किसानों को उनकी भूमि का उचित और न्यायसंगत मूल्य मिल सके। कृषि आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहन देकर किसानों को आत्मनिर्भर बनाना आदि महत्वपूर्ण निर्णय लिए है।

*ग्राम चौपाल और रात्रि विश्राम संवेदनशील प्रशासन की नई पहचान*
मुख्यमंत्री डॉ यादव के निर्देशानुसार ग्राम गजनीखेड़ी में अधिकारियों का रात्रि विश्राम केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रशासन की संवेदनशीलता का प्रतीक है। इससे यह संदेश गया कि प्रशासन जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बड़नगर तहसील की ग्राम पंचायत गजनी खेड़ी में आयोजित रात्रि कालीन चौपाल में कलेक्टर श्री सिंह ने जल गंगा संवर्धन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाकर जल स्रोतों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमारे आसपास प्राचीन बावड़ी, कुएं, तालाब मौजूद हैं। प्राचीन काल में निर्मित जल संरचना के माध्यम से पता चलता है कि प्राचीन काल से ही जल का महत्व रहा है। आगे आने वाली पीढ़ी के लिए भी पुराने जल स्रोत कुए, तालाब, बावड़ियों को जीवित रखा जाए यह हम सब की जिम्मेदारी है।

*मुख्यमंत्री डॉ यादव का प्रदेश के भविष्य की अच्छी नींव बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान -कलेक्टर श्री सिंह*

ग्राम चौपाल में कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के भविष्य की अच्छी नींव बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान दें रहे है। प्रदेश सरकार पढ़ाई के साथ खेल की शिक्षा और वोकेशनल एजुकेशन पर भी विशेष ध्यान दे रही हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले का इस वर्ष 10 वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम गत वर्ष से 3 प्रतिशत बढ़कर 83 प्रतिशत रहा और 12 वीं का परीक्षा परिणाम गत वर्ष से 6 प्रतिशत ज्यादा आया है।
कलेक्टर श्री सिंह ने चौपाल में ग्रामीणों से विद्यालयों में शिक्षा की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षक समय पर उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

*कलेक्टर श्री सिंह ने उपस्वास्थ्य केंद्र और डिलीवरी प्वाइंट रुणिजा में पदस्थ एएनएम श्रीमती मंजुला निगम को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया*

कलेक्टर श्री सिंह ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ,आशा कार्यकर्ता और एएनएम द्वारा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर सराहना कर उन्हें प्रोत्साहित किया।
ग्रामीणों ने उपस्वास्थ्य केंद्र और डिलीवरी प्वाइंट रुणिजा में पदस्थ एएनएम श्रीमती मंजुला निगम द्वारा मुख्यालय पर रहकर सतत रूप से शत प्रतिशत सुरक्षित प्रसव करवाने पर प्रशंसा की। कलेक्टर श्री सिंह ,पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा और जिला पंचायत सीईओ श्री कूमट ने दायित्वों का उत्कृष्ट तरीके से निर्वहन के लिए एएनएम श्रीमती निगम को सम्मानित किया।

*रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीण जनों ने खेत की ओर जाने वाले सरकारी मार्ग पर अतिक्रमण होने की समस्या बताई*

सरकारी मार्ग पर अतिक्रमण होने की समस्या के निराकरण के लिए कलेक्टर श्री सिंह ने मौके पर मौजूद एसडीओ और पटवारी को रास्ते की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान एक ग्रामीण द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने की समस्या बताई। कलेक्टर श्री सिंह ने तत्काल ही मौके पर निर्देश देकर आंगनबाड़ी केंद्र गांव में ही खोलने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने कहा कि बच्चों की प्राथमिक शिक्षा के लिए आंगनबाड़ी केंद्र का महत्व है। बच्चों की शिक्षा के लिए सभी तरह की व्यवस्था की जाएगी।

*फूलों की खेती से बढ़ेगी आमदनी -कलेक्टर श्री सिंह*

रात्रि चौपाल के दौरान कलेक्टर श्री सिंह के समक्ष एक उन्नत किसान द्वारा आगामी सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए गुलाब के फूलों की खेती को बढ़ावा देने की मांग रखी। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा आगामी सिंहस्थ महापर्व द्वारा 2028 के लिए हजारों करोड रुपए के विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने भी सिंहस्थ महापर्व के दौरान फूलों का अधिक उपयोग होने की बात कही है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि फूलों की खेती उज्जैन की आवश्यकता है। इसके लिए करीब ढाई सौ हेक्टेयर क्षेत्र में गुलाब के फूल की पैदावार करने के लिए प्रस्ताव दिया गया है, प्रस्ताव के अनुसार ही अनुदान की राशि भी प्राप्त होगी। कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को उन्नत कृषि की ओर अग्रसर होते हुए कृषि में नई तकनीक के माध्यम से फसल की पैदावार बढ़ाने का महत्व भी बताया। कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी विभाग द्वारा फसलों के लिए नई तकनीक की प्रदर्शनी का अवलोकन कराया जाएगा।

*एक्सीडेंट में घायल व्यक्ति की मदद कर राहवीर योजना का लाभ लें*
ग्राम पंचायत गजनीखेड़ी में आयोजित रात्रि चौपाल के के दौरान कलेक्टर श्री सिंह और एसपी श्री प्रदीप शर्मा ने ग्रामीण जनों को पीएम राहत योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सड़क पर कई बार बड़े एक्सीडेंट होने पर लोग पुलिस की पूछताछ के कारण घायल व्यक्ति की मदद नहीं करते हैं। एसपी श्री शर्मा ने बताया कि अब पीएम राहत योजना के तहत कोई भी व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाता है तो पुलिस द्वारा कोई पूछताछ नहीं की जाएगी। संबंधित व्यक्ति द्वारा घायल व्यक्ति को सही समय पर अस्पताल पहुंचाने पर रहावीर योजना के तहत ₹25000 की राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाती है।

*बच्चे सोशल मीडिया पर क्या कर रहे हैं अभिभावक ध्यान रखें -एसपी श्री शर्मा*
एसपी श्री प्रदीप शर्मा ने ग्रामीण जनों से चर्चा करते हुए कहा कि आजकल के मोबाइल युग में हर घर में बच्चों के पास मोबाइल उपलब्ध है। इंटरनेट के माध्यम से बच्चे सोशल मीडिया का किस तरह उपयोग कर रहे हैं इस पर भी अभिभावक नजर रखें। श्री शर्मा ने कहा कि स्कूल के अलावा शिक्षा की दूसरी पाठशाला परिवार और अभिभावक भी होते हैं। इसलिए जरूरी है कि बच्चे सोशल मीडिया पर क्या देख रहे हैं, क्या कर रहे हैं इसका ध्यान रखें।

*साइबर फ्रॉड के मामले में भी सतर्कता बरते*
एचपी श्री शर्मा ने रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीण जनों को बढ़ते साइबर ठगी के मामलों से सतर्क रहकर ग्रामीणों को किसी भी अनजान को अपने बैंक अकाउंट की जानकारी ना देने की समझाइश दी।

कलेक्टर श्री सिंह ने रात्रि चौपाल के दौरान पशुपालन विभाग द्वारा कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से उन्नत बछिया की संख्या बढ़ाने और गोधन बढ़ाकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीणों को आकस्मिक परिस्थितियों में सहायता के लिए पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना ,पीएम सुरक्षा बीमा योजना आदि पेंशन योजनाओं का लाभ पंचायत सचिव की मदद से प्राप्त करने की जानकारी भी दी।

*मध्य प्रदेश शासन की सभी योजनाएं ऑनलाइन रूप से एमपी ई सेवा पोर्टल पर उपलब्ध*

कलेक्टर श्री सिंह ने चौपाल में जानकरी दी कि मध्य प्रदेश शासन की सभी योजनाएं ऑनलाइन रूप से एमपी ई सेवा पोर्टल पर उपलब्ध है। एमपी ई सेवा पोर्टल पर समग्र आईडी की जानकारी देकर सभी शासकीय योजनाओं में आपकी पात्रता की जानकारी प्राप्त कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते है।

रात्रि चौपाल के दौरान एसडीएम बडनगर श्री पाराशर, तहसीलदार श्रीमती रूपाली जैन,सभी विभागों के जिला अधिकारी, सरपंच ग्राम पंचायत गजनीखेड़ी और नजदीकी ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचायत सचिव,ग्राम अघिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।