विभिन्न जिलों से 20 ट्रैक्टर जप्त, मासिक किराया देने का लालच देकर किसानों से ट्रैक्टर हड़पता था आरोपी

उज्जैन,जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक रंजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस खाचरौद श्रीमती आकांक्षा बेछोटे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भाटपचलाना निरीक्षक सतेन्द्र सिंह चौधरी एवं उनकी टीम द्वारा दिनांक 30.04.2026 को किसानों के साथ ट्रैक्टरों की धोखाधड़ी कर अवैध लाभ अर्जित करने वाले शातिर आरोपी रफीक पिता गनीमोहम्मद निवासी ग्राम माधीपुरा को गिरफ्तार किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-

थाना भाटपचलाना पर किसानों द्वारा ट्रैक्टर धोखाधड़ी एवं ट्रैक्टर वापस न करने संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए दिनांक 29.04.2026 को अपराध क्रमांक 177/2026 धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस कार्यवाही-

विवेचना के दौरान गठित टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पतारसी कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाकर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जा रहा है, ताकि ट्रैक्टरों की खरीद-फरोख्त एवं अन्य संलिप्त आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा सके।

आरोपी की कार्यप्रणाली (Modus Operandi) –

आरोपी रफीक पटेल द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के भोले-भाले किसानों को टारगेट किया जाता था। वह किसानों को ट्रैक्टर पर अधिक मासिक किराया देने का प्रलोभन देकर उनके ट्रैक्टर अपने कब्जे में लेता था। इसके पश्चात वह ट्रैक्टरों को बिना मालिक की अनुमति के अन्य जिलों के दूरस्थ क्षेत्रों में बेच देता या गिरवी रख देता था। आरोपी न तो किसानों को किराया देता था और न ही उनके ट्रैक्टर वापस करता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने मोबाइल नंबर बदलता रहता था एवं बताए गए पते पर उपलब्ध नहीं होता था।

जप्ती कार्यवाही –

आरोपी के कब्जे से जिला उज्जैन, इंदौर, धार एवं रतलाम के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 20 ट्रैक्टर (विभिन्न कंपनियों के) जप्त किए गए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹1,80,00,000/- है।
सराहनीय भूमिका

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह चौधरी, उप निरीक्षक प्रतीक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजीव चौहान, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह सिसौदिया, राजपाल सिंह, परमिंदर यादव, राहुल अटोलिया, हरिगोविंद सिंह, आरक्षक विजय जाट, सुनील चौधरी, राजेश सोयल एवं सैनिक अजय पाल की सराहनीय भूमिका रही।