गेहूं उपार्जन केंद्र, समिति के प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया

उज्जैन, कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार को वर्तमान में चल रहे गेहूं उपार्जन के अंतर्गत उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। साथ ही केंद्र पर उपार्जन की व्‍यवस्‍थाओं का जायजा लिया और स्‍थानीय किसानों से सुविधाओं के बारे में चर्चा की।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने सर्वप्रथम चिंतामण जवासि‍या के समीप ग्राम दाउदखेडी में खरीदी केंद्र का अवलोकन किया। वहां पर तौल कांटें और बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्‍टर श्री सिंह ने हासामपुरा के समीप हमीरखेड़ी समिति के गे‍हूं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। यहां पर तौल कांटों की संख्‍या में कमी पाई जाने और एक सर्वेयर के केंद्र में अनुपस्थित रहने पर समिति के प्रबंधक श्री सुनील मेहता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्‍टर श्री सिंह द्वारा किसानों के लिए की गई पेयजल व्‍यवस्‍था और अन्‍य व्‍यवस्‍थाओं का भी जायजा लिया गया। इस दौरान तहसीलदार एवं अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे।