उज्जैन पुलिस ने महज 15 मिनट में फोटो उपलब्ध कराकर छात्र को दिलाया परीक्षा में अवसर

उज्जैन, दिनांक 03.05.2026 को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सम्मिलित होने हेतु विभिन्न जिलों एवं अन्य स्थानों से उज्जैन पहुंचे अभ्यर्थियों की सहायता हेतु उज्जैन पुलिस द्वारा सराहनीय एवं मानवीय पहल की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री राहुल देशमुख के निर्देशन एवं थाना प्रभारी महाकाल निरीक्षक श्री गगन बदल के मार्गदर्शन में थाना महाकाल क्षेत्र अंतर्गत एक छात्र, जो महिदपुर से अकेले परीक्षा देने उज्जैन आया था, परीक्षा केंद्र पर आवश्यक दस्तावेजों की जांच के दौरान यह पाया गया कि उसके पास अनिवार्य पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध नहीं थी। परीक्षा प्रारंभ होने का समय अत्यंत निकट होने के कारण छात्र अत्यधिक चिंतित एवं व्याकुल हो गया।

उक्त स्थिति को देखते हुए थाना महाकाल में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) चंद्रभान सिंह चौहान द्वारा त्वरित संवेदनशीलता एवं कर्तव्यपरायणता का परिचय देते हुए तत्काल आवश्यक व्यवस्था कर छात्र की फोटो मात्र 15 मिनट के भीतर बनवाकर उसे उपलब्ध कराई गई, जिससे छात्र समय पर परीक्षा में सम्मिलित हो सका।

▪️इसके अतिरिक्त एक अन्य छात्रा , जो गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच गई थी , को भी ASI चंद्रभान सिंह चौहान द्वारा तत्परता दिखाते हुए सही परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित एवं शीघ्र पहुंचाया गया। उल्लेखनीय है कि छात्र को परीक्षा प्रवेश के अंतिम 05 मिनट पूर्व ही केंद्र पर पहुंचा दिया गया, जिससे वह परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित नहीं हुआ।

उज्जैन पुलिस की यह पहल न केवल कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है, बल्कि यह दर्शाती है कि पुलिस आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगी दृष्टिकोण रखती है। इस प्रकार की मानवीय कार्यवाही से पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है।

*🔹 उज्जैन पुलिस सदैव आमजन की सहायता एवं सुरक्षा हेतु प्रतिबद्ध है।