उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने रविवार को गेहूं उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया । कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम रामवासा में रजनी वेयरहाउस पहुंचकर वहां व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बताया गया कि इस केंद्र पर 10,000 क्विंटल गेहूं की खरीदी शेष है ।
कलेक्टर श्री सिंह ने केंद्र पर श्रमिको और तौल कांटों की पर्याप्त संख्या रखने के निर्देश दिए। बताया गया कि इस केंद्र पर औसतन 2400 क्विंटल गेहूं खरीदी प्रतिदिन की जा रही है। यहां पर शाम 8:00 बजे तक गेहूं की खरीदी की जा रही है। कलेक्टर ने केंद्र पर उपस्थित किसानों से भी बात की तथा उनसे वहां की व्यवस्था के बारे में पूछा।
कलेक्टर ने निर्देश दिये कि संबंधित विभागों के अधिकारीगण समय-समय पर केंद्रों पर जाकर निरीक्षण करें । उपार्जन का कार्य तेज गति से पूर्ण किया जाए। बारदानों की कहीं भी कमी ना हो यह सुनिश्चित किया जाए। बारदानों की समय पर केंद्रों पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इसके पश्चात कलेक्टर द्वारा प्रशस्ति वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया जो कि करोहन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने यहां उपार्जन कार्य में लापरवाही बरतने पर उपार्जन केंद्र के समिति प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि विभाग की कृषि विस्तार अधिकारी सह संबंधित उपार्जन केंद्र की नोडल अधिकारी को केंद्र में अनुपस्थित रहने पर निलंबित करने के निर्देश दिए ।
निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती शालू वर्मा, उपायुक्त सहकारिता श्री के पाटनकर, श्री विशेष श्रीवास्तव महाप्रबंधक जिला केंद्रीय सहकारी बैंक, श्री चंद्रशेखर बारोड़, सहायक आपूर्ति अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।