कलेक्टर श्री सिंह रात अचानक पहुंचे बड़नगर के चिकली उपार्जन केंद्र

उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने बड़नगर तहसील के चिकली उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण कर उपार्जन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और समिति प्रबंधक से संचालित किए जा रहे कांटो की संख्या की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने तौल संपूर्ण पारदर्शिता से करने और स्लॉट बुकिंग कर आने वाले किसानों से उपार्जन समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने उपार्जन किए गए गेहूं के तुरंत परिवहन करने के निर्देश भी दिए।

*कलेक्टर श्री सिंह ने कृषक श्री आंजना के तौल किए गए गेहूं का वजन पुनः करवाकर तौल पारदर्शिता से हो सुनिश्चित किया*
कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान कृषकों से चर्चा की। कृषक श्री पदम सिंह आंजना ने जानकारी दी कि 14 मई का स्लॉट बुक किया था। उनकी तुलाई आज ही पूर्ण हो गई। कलेक्टर श्री सिंह ने इस दौरान कृषक श्री आंजना के तुले हुए मॉल का वजन पुनः करवाकर तौल पारदर्शिता से की गई है,यह सुनिश्चित किया। कृषक श्री आंजना ने उपार्जन समय पर होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान समिति प्रबंधक ने जानकारी दी कि आज दिनांक तक सेवा सहकारी संस्था चिकली उपार्जन केंद्र पर 665 कृषकों से 39,365 क्विंटल गेहूं का उपार्जन किया गया है।665 कृषकों को 10 करोड़ 33 लाख रुपए राशि से अधिक का भुगतान किया गया है। केंद्र पर 900 से अधिक बारदाने की उपलब्धता है। तौल सुबह 08 से रात 08 तक जारी रहती है। रात 08 बजे निरीक्षण के दौरान चिकली उपार्जन केंद्र पर तुलाई जारी थी।