उज्जैन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सिंहस्थ 2028 महापर्व के दौरान मोक्षदायिनी शिप्रा नदी में संत-महात्माओं के साथ ही करोड़ों श्रद्धालुओं को सुविधापूर्वक स्नान कराने के साथ ही भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए नए ब्रिज निर्माण किए जा रहे है। सिंहस्थ के तहत प्रचलित कार्यों के नियमित निरीक्षण के अंतर्गत बुधवार को संभाग आयुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने ब्रिज निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। श्री अंगारेश्वर से सिद्धवट मंदिर को जोडऩे वाले ब्रिज निर्माण कार्य में गति धीमी होने पर संभागायुक्त श्री सिंह ने नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसी अग्रवाल केंस्ट्रक्शन पर 5 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान भी सभी अधिकारियों को कहा था कि गुणवत्ता के साथ समयसीमा में सभी निर्माण कार्य पूर्ण करना है।
सिंहस्थ 2028 के लिए शिप्रा तट पर निर्माणाधीन कार्यों के निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह ने शिप्रा तट पर पुराने पुल के समीप निर्माणाधीन ब्रिज निर्माण की जानकारी ली। यहां पर निर्माण सामग्री की क्वालिटी कंट्रोल लैब का निरीक्षण करते हुए संभाग आयुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि ब्रिज निर्माण में उपयोग होने वाली निर्माण सामग्री की क्वालिटी परीक्षण कर रजिस्टर में रिपोर्ट संधारित की जाए। संभाग आयुक्त श्री सिंह लैब में रखें रजिस्टर का अवलोकन कर एक महीने के दौरान हुए गुणवत्ता परीक्षण की जानकारी ली।
ब्रिज निर्माण कार्य की धीमी गति पर लगाई पेनल्टी
निरीक्षण के तहत संभाग आयुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने श्री अंगारेश्वर मंदिर से श्री सिध्दनाथ मंदिर को जोडऩे वाले निमार्णाधीन ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर ब्रिज निर्माण कार्य की धीमी गति होने पर संभाग आयुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्य करने वाली गुजरात की एजेंसी डीआरए अग्रवाल कंस्ट्रक्शन पर 5 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए । संभाग आयुक्त श्री सिंह निर्देश दिए कि संबंधित निर्माण एजेंसी कार्य की गति बढाए अन्यथा आगे भी कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह संभाग आयुक्त श्री सिंह ने इंदौर रोड स्थित डी मार्ट के सामने सड़क निर्माण कार्य और त्रिवेणी हिल्स से ग्राम सिकंदरी के बीच शिप्रा तट पर निर्माणाधीन ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। संभाग आयुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ महापर्व के समय को देखते हुए निर्माण कार्यों की गति को मेच करते हुए कार्य में तेजी लाएं। निर्माण कार्य में तय सीमा से देरी हुई तो संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।
संभागायुक्त ने मुआवजा प्रकरण निपटाने के निर्देश दिए
संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह द्वारा श्री अंगारेश्वर-श्री सिद्धवट मंदिर के ब्रिज निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय किसान द्वारा मुआवजा नही मिलने की जानकारी दी गई। संभागायुक्त ने तत्काल जानकारी लेने के बाद संबंधित किसान को आश्वस्त किया कि उनका मुआवजा शीघ्र ही मिलेगा। इस संबंध में निर्देश दे दिए है। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्य कराने वाले विभागों को निर्देश दिए है कि मुआवजा प्रकरणों में विभाग आपसी तालमेल के साथ वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर संबंधित किसानों के प्रकरणों का निपटारा तुरंत करें।