उज्जैन, धार्मिक नगरी उज्जैन के मक्सी रोड, गोपालपुरा स्थित सिद्ध पीठ श्री हनुमान मंदिर परिसर में इन दिनों भक्ति की अविरल गंगा बह रही है। यहाँ क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की भावना के साथ संकल्पित 108 भागवत श्रृंखला के अंतर्गत 47वें संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 17 मई से प्रारंभ हुआ यह दिव्य आयोजन आगामी 23 मई 2026 (शनिवार) तक निरंतर चलेगा।कथा के चतुर्थ दिवस (आज) भगवान श्री कृष्ण का पावन जन्मोत्सव (नंदोत्सव) बड़े ही उत्साह, उमंग और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। जैसे ही कथा पंडाल में वासुदेव जी की भूमिका में बाल स्वरूप श्री कृष्ण को टोकरी में रखकर प्रवेश कराया गया, पूरा पावन परिसर “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान भगवान पर पुष्पवर्षा की गई और श्रद्धालुओं ने झूमते-गाते हुए भगवान की अगवानी की।
*गो माता की सेवा और सनातन धर्म ही जीवन का आधार:* आचार्य मानस गुरुजीकथा व्यासपीठ पर विराजमान प्रख्यात गो भक्त, दिव्य संत और श्री अखंड ज्योत खेड़ापति करंट हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य मानस गुरुजी ने अपनी सुमधुर वाणी से भगवान कृष्ण के प्राकट्य प्रसंग की विस्तृत व्याख्या की।कथा प्रवक्ता आचार्य श्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “जब-जब धरती पर अधर्म, अत्याचार और अनाचार बढ़ता है, तब-तब भक्तों की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए परमात्मा स्वयं मानव रूप में अवतार लेते हैं। भगवान कृष्ण का अवतार केवल कंस का वध करने के लिए नहीं, बल्कि संसार को प्रेम, कर्म और भक्ति का मार्ग दिखाने के लिए हुआ था।” आचार्य जी ने समाज में गो माता की सेवा, संतों के सम्मान और सनातन संस्कारों को जीवित रखने पर विशेष बल दिया। कथा के दौरान सुंदर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति पर महिला मंडल सहित उपस्थित जनसैलाब भावविभोर होकर जमकर थिरका।
*क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति*
इस पावन धार्मिक प्रसंग पर भगवान की आरती उतारी व् भोग का प्रसाद वितरित किया गया। इस भव्य और ऐतिहासिक धार्मिक उत्सव के साक्षी बनने के लिए क्षेत्र के संतोष राय, नारायण सिंह गुर्जर, गणेश राम पटवारी, बाबूलाल राय, प्रदीप मारोठिया, देवेंद्र चौधरी, मनोज अग्रवाल, रामनारायण रघुवंशी, गोपाल काग, महेश वर्मा, अशोक मलिक, हर्षित चौहान, मनोहर लाल शर्मा, श्याम बागवान, टी.आर. भंवर, योगेश जुनवाल, भूपेंद्र जाट, सुनील रायकवार, अरविंद राजोरिया, मुकेश गुरु, कपिल गुरु एवं पूजनीय दिव्या किशोरी जी सहित भारी संख्या में मातृशक्ति (समस्त महिला मंडल) और श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
*कथा श्रवण कर पुण्य लाभ कमाएं*
आयोजन के संबंध में जानकारी जितेंद्र गुप्ता द्वारा प्रदान की गई। सर्व श्री गोपालपुरा सामाजिक विकास समिति, उज्जैन के समस्त पदाधिकारियों व निवेदनकर्ताओं ने उज्जैन और आसपास के धर्मप्राण जनमानस से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर आगामी दिनों की अमृतमयी कथा, गोवर्धन पूजा, रुक्मणी विवाह आदि प्रसंगों का श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बनाएं।
