उज्जैन,दिनांक 18.05.2026 को फरियादी अजय जाधव पिता मारूती राव जाधव निवासी 13 सेठीनगर उज्जैन द्वारा थाना माधवनगर उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फरियादी ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान राज उर्फ सुरेश निवासी मुंबई हाल मुकाम भुज, गुजरात नामक व्यक्ति से हुई, जिसने स्वयं को सोना-चांदी व्यवसायी बताते हुए सस्ते दामों में सोना उपलब्ध कराने का प्रलोभन दिया।
आरोपी द्वारा फरियादी से अलग-अलग मोबाइल नंबर एवं फोन-पे खातों पर बयाना एवं अन्य खर्च के नाम पर राशि ट्रांसफर करवाई गई। दिनांक 05.10.2023 को आरोपी का साथी रोहित उर्फ अंकुर जोशी पिता प्रदीप जोशी निवासी 238 पुराना उमद नगर, भुज सिटी, जिला कच्छ (गुजरात) उज्जैन आया तथा फरियादी से ₹7,62,000/- नगद प्राप्त कर सोना देने का विश्वास दिलाया, किन्तु बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद आरोपीगण लगातार फरियादी को गुमराह करते रहे तथा विभिन्न बहानों से अतिरिक्त राशि भी प्राप्त करते रहे।
फरियादी द्वारा रुपए वापस मांगने पर आरोपियों द्वारा झूठे प्रकरण में फंसाने एवं जान से खत्म करने की धमकी दी गई।
दिनांक 13.05.2026 एवं 18.05.2026 को आरोपीगण द्वारा पुनः फरियादी को पीजीव्हीटी ग्राउंड उज्जैन बुलाकर सोना देने का झांसा दिया गया। इस दौरान फरियादी द्वारा तत्काल थाना माधवनगर पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर थाना माधवनगर पुलिस द्वारा आवश्यक रणनीति बनाकर फरियादी के सहयोग से आरोपियों को पकड़ने हेतु कार्रवाई की गई।
दिनांक 18.05.2026 को आरोपी रोहित उर्फ अंकुर जोशी फरियादी से ₹23 लाख रुपए और मांगकर कथित सोने का पैकेट देने का प्रयास कर रहा था। फरियादी को संदेह होने पर उसने पैकेट चेक किया, जिसमें सोना नहीं पाया गया। आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे फरियादी एवं उसके साथियों तथा पुलिस टीम की सहायता से पकड़ लिया गया।
आरोपी के कब्जे से प्राप्त आधार कार्ड से उसकी पहचान अंकुर जोशी पिता प्रदीप जोशी निवासी भुज सिटी, जिला कच्छ (गुजरात) के रूप में हुई। आरोपी रोहित उर्फ अंकुर जोशी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फरार आरोपी राज उर्फ सुरेश की तलाश हेतु थाना माधवनगर पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर गुजरात रवाना की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी की संभावित लोकेशन पर लगातार दबिश दी जा रही है तथा फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।